झाबुआ में खेलते-खेलते कुएं में गिरीं दो मासूम बहनें, डूबने से दोनों की मौत; नाना-नानी के साथ रहती थीं
झाबुआ जिले में खेलते समय दो मासूम बहनें पानी से भरे बिना मुंडेर के कुएं में गिरकर डूब गईं, जिससे ...और पढ़ें

कुएं में डूबने से दो मासूमों की मौत।
HighLights
माली फलिया ग्राम में हादसा, सात-आठ वर्ष की थीं मृतक बच्चियां।
माता-पिता गुजरात में मजदूरी करते, बच्चियां नाना-नानी के पास।
खुले कुओं की सुरक्षा पर प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई।
डिजिटल डेस्क, झाबुआ। प्रदेश के झाबुआ जिले में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। घर के पास खेलते समय दोनों पानी से भरे बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर रूपाखेड़ा पंचायत के माली फलिया की है।
मृत बच्चियों की पहचान आठ वर्षीय कृष्णा पुत्री जीतमल सिंगांड, निवासी बाल्दि माल और सात वर्षीय रोशनी पुत्री नरेश मचार, निवासी गवसर के रूप में हुई है। दोनों आपस में मौसेरी बहनें थीं और अपने नाना हरमाल पिता खीमा गणावा के घर रह रही थीं।
मजदूरी के लिए गुजरात गए हैं माता-पिता
परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चियों के माता-पिता मजदूरी करने के लिए गुजरात गए हुए हैं। इसी वजह से कृष्णा और रोशनी पिछले करीब दो साल से अपने नाना-नानी के पास रह रही थीं। रविवार को दोनों घर के पास खेल रही थीं। इसी दौरान वे वहां बने पानी से भरे छोटे कुएं में गिर गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग बच्चियों को लेकर रानापुर अस्पताल पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बच्चियों की मौत से परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना पर कंजवानी पुलिस चौकी क्षेत्र में थाना प्रभारी श्रीराम मंडलोई और एएसआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू की है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि खेलते समय दोनों बच्चियां कुएं तक कैसे पहुंचीं और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
यह भी पढ़ें- कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान
जनप्रतिनिधियों ने परिवार को बंधाया ढांढस
घटना की खबर मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर, नितेश शाह और अन्य स्थानीय कार्यकर्ता रानापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और उन्हें ढांढस बंधाया। तहसीलदार राजेंद्र चौहान भी अस्पताल पहुंचे।
रविवार शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानापुर में दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पहले भी हो चुकी घटनाएं
जिले में बिना मुंडेर वाले कुओं से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा अब बढ़ता जा रहा है। जून में कल्याणपुरा थाना क्षेत्र के गोपालपुरा में बिना मुंडेर वाले कुएं में डूबने से 12 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने सभी पटवारियों और पंचायत सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना मुंडेर वाले कुओं और खुले बोरवेलों की पहचान करके सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। इस मामले में संबंधित पटवारी और सचिव को निलंबित भी किया गया था, लेकिन संगठनों के विरोध के बाद उन्हें बहाल कर दिया गया।
16 जून को थांदला क्षेत्र के उदयपुरिया गांव में एक कुएं में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी। वहीं 20 अक्टूबर को रानापुर के चुई ग्राम में तीन स्कूली छात्रों की मौत हो गई थी।
रानापुर में ही एक माह के भीतर इस दूसरी घटना के बाद भी खुले और असुरक्षित कुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा सकी। इसने प्रशासनिक व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पहले दिए गए निर्देशों के अनुसार ऐसे कुओं की पहचान करके उन्हें सुरक्षित कर लिया जाता, तो संभवतः ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था। रानापुर में दशहरा की देर शाम गांव चुई में एक कुएं में तीन मासूम बालकों की डूबने से मौत हो गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।