विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुजरात में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, झाबुआ के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:22 PM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 07:28 PM (IST)

गुजरात के भुज में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिसमें झाबुआ के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक गर्भवती महिला और दो मासूम बच्चे शामिल हैं, जिससे संदला गांव में मातम छा गया है।

टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई, ट्रक भी क्षतिग्रस्त।

टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई, ट्रक भी क्षतिग्रस्त।

HighLights

  1. गुजरात के भुज में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी।

  2. झाबुआ के एक ही परिवार के चार सदस्य मौके पर मृत।

  3. मृतकों में गर्भवती महिला और दो मासूम बच्चे शामिल।

डिजिटल डेस्क, झाबुआ। रोजगार की तलाश में गुजरात गए मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के एक परिवार पर मंगलवार को ऐसा कहर टूटा कि एक ही झटके में चार जिंदगियां खत्म हो गईं। गुजरात के भुज में तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में झाबुआ के ग्राम संदला निवासी एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक गर्भवती महिला और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया।

ट्रैक्टर-ट्राली की छांव में खा रहे थे खाना

जानकारी के अनुसार, संदला गांव के कई परिवार कुछ दिन पहले रोजगार की तलाश में गुजरात के भुज गए थे। वहां सभी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। मंगलवार को काम से लौटने के बाद कुछ मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली के पास उसकी छांव में बैठकर खाना खा रहे थे। दिनभर की थकान के बाद सभी कुछ देर आराम कर रहे थे।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई और उसके आसपास बैठे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

मजदूर दंपती व दो मासूम बच्चों की मौत

हादसे में दीवान मखौड़िया, उनकी गर्भवती पत्नी अश्वीना और उनके भाई अर्जुन के दो बच्चे नवीना व दशरथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दुर्घटना में अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- सतना में मौत बनकर दौड़ी कार, बाइक सवार तीन युवकों को 100 मीटर घसीटा; जीजा-साले समेत तीनों की मौत

गांव में पसरा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही संदला गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के सरपंच सहित ग्रामीण और परिजन शव लेने के लिए भुज रवाना हो गए हैं।

इधर, स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।