विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झाबुआ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार, 6 साल के बच्चे समेत 7 घायल; एयरबैग खुलने से बची जान

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:09 PM (IST)

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर झाबुआ के पास एक कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें 6 साल के बच्चे सहित सात लोग घायल हो गए। एयरबैग खुलने से सभी की जान बच गई, हालांकि एम्बुलेंस पहुंचने में देरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त। कार सवार घायल।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त। कार सवार घायल।

HighLights

  1. झाबुआ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की टक्कर।

  2. हादसे में 6 साल के बच्चे सहित सात लोग घायल हुए।

  3. कार के एयरबैग खुलने से सभी यात्रियों की जान बची।

डिजिटल डेस्क, झाबुआ। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बनी। मंगलवार रात थांदला के पास आगे चल रहे ट्रक में पीछे से एक कार जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह साल के बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। कार के एयरबैग खुलने से सभी की जान बच गई, हालांकि एक व्यक्ति के दोनों पैर टूट गए, जबकि महिला के सिर में गंभीर चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं। परिवार दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था, तभी थांदला के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में चीख-पुकार मच गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, लेकिन एयरबैग खुलने से यात्रियों को काफी हद तक सुरक्षा मिली और बड़ा हादसा टल गया।

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस पेट्रोलिंग ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम से संपर्क किया गया। पुलिस वाहन की सहायता से सभी सात घायलों को थांदला के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।

हादसे में एक व्यक्ति के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एक महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी है। अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

jhabua accident 8596548

राजकोट के एक ही परिवार के सात लोग घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान साहिब लाल लोबान दिवाकर (50), संस्कार राहुल दिवाकर (6), आकांक्षा मेहुल दिवाकर (23), राहुल साहिब लाल दिवाकर (30), मेहुल साहिब लाल दिवाकर (23), आशा साहिब लाल दिवाकर (60) और ओमी राहुल दिवाकर (25) के रूप में हुई है। सभी राजकोट, गुजरात के निवासी हैं। परिवार के सात सदस्यों के एक साथ दुर्घटना का शिकार होने से परिजनों में चिंता बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- इंदौर डबल मर्डर केस: पिता-बहन की हत्या कर भागा आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, वेश बदलकर छिपा था

एक्सप्रेसवे पर हादसे, सुरक्षा व्यवस्था और इमरजेंसी मदद पर सवाल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं। दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे अहम होता है, लेकिन इस मामले में एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद लेनी पड़ी।

फिलहाल सातों घायलों का थांदला सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। एयरबैग खुलने से सभी की जान बचना इस हादसे में राहत की बात रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।