झाबुआ में 27 लोगों की घर वापसी, वर्षों पहले अपनाया था ईसाई धर्म; वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सनातन में लौटे
झाबुआ के मेघनगर में 27 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर वैदिक रीति-रिवाजों से सनातन धर्म में वापसी की। इन परिवारों को पहले सुविधाओं का प्रलोभन देकर मतांतरित किया गया था, जिसके बाद हिंदू जागरण मंच के प्रयासों से उनकी घर वापसी हुई।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने हिंदू धर्म का संदेश दिया। (फोटो- जागरण)
HighLights
हिंदू जागरण मंच ने वैदिक मंत्रोच्चार व हवन-पूजन के बीच कराई घर वापसी।
अच्छी शिक्षा, इलाज और हैंडपंप का लालच देकर कराया गया था मतांतरण।
डिजिटल डेस्क, झाबुआ। प्रदेश के झाबुआ जिले के मेघनगर क्षेत्र के मदरानी में बुधवार रात 27 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाया। ये सभी मांडली गांव के निवासी हैं। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने की घोषणा की।
हिंदू जागरण मंच के जिला सह संयोजक राजेश पणदा के मुताबिक, इन 27 लोगों में से 14 ने करीब 17 साल पहले, नौ ने सात साल पहले और चार लोगों ने एक साल पहले ईसाई धर्म अपनाया था।
सुविधाओं का दिया था प्रलोभन
राजेश पणदा का आरोप है कि इन परिवारों को बीमारी के दौरान इलाज में मदद, मिशनरी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई में छूट, मकान निर्माण और फालिये में हैंडपंप लगवाने जैसी सुविधाओं का प्रलोभन देकर मतांतरित किया गया था। बाद में मतांतरित लोगों के अलग-अलग समूह बनाकर दूसरे परिवारों को भी जोड़ने के प्रयास किए गए।

लगातार संवाद के बाद घर वापसी के लिए हुए तैयार
हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने इन परिवारों से लगातार संपर्क कर संवाद किया। मंच के पदाधिकारियों ने उन्हें समझाया कि हिंदू समाज में भी जरूरतमंदों के लिए मार्गदर्शन और सहायता की व्यवस्था है। साथ ही अंधविश्वास छोड़कर सामाजिक समरसता के साथ अपने मूल धर्म में लौटने की अपील की गई।
इसके बाद परिवारों ने घर वापसी पर सहमति जताई। बुधवार रात वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हवन-पूजन हुआ और 27 लोगों ने सनातन धर्म अपनाया।
यह भी पढ़ें- रायसेन की नर्मदा घाटी में मिला विलुप्त हाथी का जीवाश्म! 26 हजार साल पुराने स्टेगोडॉन का जबड़ा होने की संभावना
250 लोगों की घर वापसी की थी योजना
राजेश पणदा ने बताया कि पहले करीब 250 लोगों की एक साथ घर वापसी कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन रोजगार और अन्य कारणों से पलायन के चलते कई परिवार कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। अब ऐसे परिवारों की घर वापसी के लिए अलग-अलग सेक्टर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।