विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायसेन की नर्मदा घाटी में मिला विलुप्त हाथी का जीवाश्म! 26 हजार साल पुराने स्टेगोडॉन का जबड़ा होने की संभावना

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:57 PM (IST)

रायसेन जिले के पतई घाट पर नर्मदा नदी में हजारों साल पुराना जीवाश्म मिला है। प्रारंभिक परीक्षण में इसे स्टेगोडॉन ...और पढ़ें

रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में मिला जीवाश्म। (फाइल फोटो)

रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में मिला जीवाश्म। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. रायसेन के पतई घाट पर मिला हजारों साल पुराना जीवाश्म।

  2. यह विलुप्त स्टेगोडॉन हाथी का निचला जबड़ा होने की संभावना।

  3. नर्मदा घाटी में प्राचीन वन्यजीवन समझने में महत्वपूर्ण खोज।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के पतई घाट पर हजारों साल पुराना जीवाश्म मिलने से पुरातत्व और जीवाश्म विज्ञान के विशेषज्ञों की दिलचस्पी बढ़ गई है। देवरी तहसील के इस घाट पर मिला जीवाश्म विलुप्त हो चुके स्टेगोडॉन हाथी का निचला जबड़ा और दांत हो सकता है। प्रारंभिक परीक्षण में विशेषज्ञों ने इसी प्रजाति का जीवाश्म होने की संभावना जताई है। अब इसे चट्टान से सावधानीपूर्वक निकालने की तैयारी है। इसके बाद विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा, जिससे इसकी वास्तविक पहचान और उम्र का पता चल सकेगा।

मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय ने पुणे के जीवाश्म विशेषज्ञ डॉ. विजय साठे से इसका परीक्षण कराया है। उनके प्रारंभिक निष्कर्ष के अनुसार, यह स्टेगोडॉन हाथी का जबड़ा हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह हाथी की ऐसी प्रजाति थी, जो करीब 26 हजार वर्ष पहले तक धरती पर मौजूद थी। अब यह पूरी तरह विलुप्त हो चुकी है। इसकी ऊंचाई लगभग साढ़े 10 फीट और वजन 6.5 से 7.5 टन तक बताया जाता है।

इससे पहले जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) की टीम भी पतई घाट पहुंचकर जीवाश्म का निरीक्षण कर चुकी है। टीम ने भी इसे स्टेगोडॉन का निचला जबड़ा होने की संभावना जताई थी। हालांकि, अंतिम पुष्टि जीवाश्म को बाहर निकालने और वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

डेढ़ किलोमीटर का इलाका है खास

पतई घाट और आसपास का क्षेत्र पहले भी प्राचीन जीवों के जीवाश्म मिलने के कारण चर्चा में रहा है। वर्ष 2010 में नर्मदापुरम के गवर्नमेंट नर्मदा पीजी कॉलेज (एनएमवी) के बॉटनी विभाग के तत्कालीन विभागाध्यक्ष डॉ. केडब्ल्यू शाह, प्राध्यापक डॉ. रवि उपाध्याय और पुराविद डॉ. वसीम खान ने यहां डायनासोर के जीवाश्म खोजे थे।

डॉ. शाह के अनुसार, पतई घाट के आसपास करीब डेढ़ किलोमीटर का क्षेत्र जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद समृद्ध है। इस क्षेत्र में वैज्ञानिक और पुरातात्विक महत्व के अवशेष मिलने की संभावनाएं हैं। उन्होंने इसके संरक्षण की जरूरत बताते हुए अपनी रिपोर्ट तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी सौंपी थी।

यह भी पढ़ें- MP की नर्मदा घाटी में मिला 65 लाख साल पुराना जीवाश्म! मैमथ या स्टेगोडान का हो सकता है विशाल जबड़ा; देखकर ग्रामीण अचंभित

नर्मदा घाटी में प्राचीन जीवन के इतिहास की तलाश

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से सेवानिवृत्त पुराविद एसबी ओटा का मानना है कि नर्मदा नदी का यह पूरा क्षेत्र जीवाश्मों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां व्यापक स्तर पर शोध किए जाने की जरूरत है।

उनके अनुसार, अध्ययन के दौरान यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि प्राचीन काल में इस क्षेत्र में मानव की मौजूदगी कहां और कैसी थी। साथ ही जीवाश्म से हाथी की प्रजाति, उसके आकार, उम्र और नर्मदा घाटी तक पहुंचने के संभावित कारणों की जानकारी मिल सकती है।

यदि पतई घाट पर मिला जीवाश्म स्टेगोडॉन हाथी का ही निकला, तो यह नर्मदा घाटी में हजारों साल पहले मौजूद वन्यजीवन और प्राकृतिक परिस्थितियों को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण खोज साबित हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।