विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP की नर्मदा घाटी में मिला 65 लाख साल पुराना जीवाश्म! मैमथ या स्टेगोडान का हो सकता है विशाल जबड़ा; देखकर ग्रामीण अचंभित

By Ambuj MaheshwariEdited By: Ravindra Soni
Published: Fri, 13 Nov 2026 07:31 PM (IST)

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में 65 लाख साल पुराना विशाल दांतों वाला जबड़ा मिला है। विशेषज्ञों ...और पढ़ें

रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में मिला जीवाश्म। (फोटो- जागरण)

रायसेन जिले की नर्मदा घाटी में मिला जीवाश्म। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. रायसेन की नर्मदा घाटी में मिला 65 लाख साल पुराना जीवाश्म।

  2. विशेषज्ञ इसे मैमथ या स्टेगोडान का विशाल जबड़ा बता रहे।

  3. जीवाश्म की सुरक्षा हेतु 24 घंटे का पहरा लगाया गया है।

अम्बुज माहेश्वरी, रायसेन। प्रदेश के रायसेन जिले की नर्मदा घाटी फिर प्रागैतिहासिक अवशेष की खोज को लेकर सुर्खियों में है। यहां के देवरी क्षेत्र के पतई गांव में नर्मदा नदी के किनारे मिट्टी में दबी दांतों वाले विशाल जबड़े की संरचना मिली है। जबलपुर स्थित गवर्नमेंट साइंस कॉलेज के भूविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रमुख एवं जीवाश्म विशेषज्ञ डॉ. वीके खन्ना ने मौके पर पहुंचकर जीवाश्म की जांच की। उन्होंने दांतों की बनावट के आधार पर इसे विलुप्त हो चुके प्राचीन  मैमथ या स्टेगोडान का जीवाश्म बताया है, जिसकी उम्र लगभग 65 लाख वर्ष आंकी गई है।

नर्मदा स्नान को पहुंचे बच्चों ने खोजी रहस्यमयी आकृति

मंगलवार को गांव के कुछ बच्चे नर्मदा नदी में स्नान के दौरान किनारे की मिट्टी खोद रहे थे। इसी दौरान सफेद दांतों वाली विशाल आकृति दिखी, जिसका करीब डेढ़ से दो फीट हिस्सा जमीन के ऊपर नजर आ रहा है। विशेष इसे प्रागैतिहासिक काल से जोड़कर हाथी का जबड़ा मान रहे हैं, वहीं स्थानीय ग्रामीण इसे मां नर्मदा की सवारी मगरमच्छ का अवशेष मानकर वहां पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

जीवाश्म की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पहरा

एसडीएम अंकित कुमार जैन ने बताया कि जीवाश्म की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराने के साथ ही 24 घंटे पहरा लगा दिया है। यह जीवाश्म यहां से हटाया नहीं जा सकता। विशेषज्ञों को यहीं आकर इसकी जांच और अध्ययन करना होगा।

डायनासोर से आदिमानव तक के मिल चुके प्रमाण

बता दें कि नर्मदा घाटी पतई क्षेत्र के सिद्धनाथ घाट पर वर्ष 2011 में भी क्रिटेशियस युग के उड़ने वाले टाइटनोसारस डायनासोर के दो अंडे और कंकाल के हिस्से मिल चुके हैं। सिड्रा आर्कियोलॉजी एनवायरनमेंट के अधिकारी वसीम खान और उनकी टीम ने यहां 25 फीट लंबे डायनासोर के अवशेष व प्राचीन साइकस पौधों के जीवाश्म मिलने का दावा किया था।

यह भी पढ़ें- MP में दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका, अमूल के बाद सांची ने 4 रुपये तक बढ़ाए दाम; जान लीजिए नई दरें

घाटी में प्राचीन दरियाई घोड़ा, शुतुरमुर्ग और आदिमानव के पूर्वजों के प्रमाण भी मिलते रहे हैं। पुरातत्वविद राजीव लोचन चौबे बताते हैं कि देवरी के पास बाड़ी के चौकीगढ़ किले से गोरखपुर गांव के जंगलों तक फैली 80 किलोमीटर लंबी और लगभग 1000 साल पुरानी 'ग्रेट वाल आफ इंडिया' मध्यकालीन स्थापत्य का अद्भुत नमूना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।