विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका, अमूल के बाद सांची ने 4 रुपये तक बढ़ाए दाम; जान लीजिए नई दरें

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:02 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 13 Nov 2026 06:15 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश में सांची दूध ने अपनी कीमतें बढ़ा दी हैं, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सांची दूध की कीमतों में 1 से 4 रुपये तक वृद्धि की गई।

  2. नई दरें 14 नवंबर 2026 से लागू, छोटे पैकेटों पर राहत।

  3. लागत बढ़ने के कारण डेयरी फेडरेशन ने लिया फैसला।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश में दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल के बाद अब सांची ने भी पैक्ड दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। मध्य प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (एमपीसीडीएफ) ने दूध की नई दरें जारी कर दी हैं, जो 14 नवंबर 2026 से लागू होंगी। अलग-अलग श्रेणियों के दूध के दाम में 1 से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, 500 मिलीलीटर से छोटे पैकेटों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई दरों के अनुसार, एक लीटर फुल क्रीम दूध के लिए अब 74 रुपये चुकाने होंगे, जबकि स्टैंडर्ड दूध 67 रुपये और टोन्ड दूध 59 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के एक लीटर दूध की कीमत 64 रुपये तय की गई है।

फुल क्रीम से लेकर टोन्ड दूध तक महंगा

सांची की नई मूल्य सूची के मुताबिक, 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट अब 37 रुपये में मिलेगा। पहले इसकी कीमत 35 रुपये थी। इसी तरह स्टैंडर्ड दूध का आधा लीटर पैकेट 32 से बढ़कर 34 रुपये और टोन्ड दूध 29 से बढ़कर 30 रुपये हो गया है।

डबल टोन्ड, स्किम्ड, चाह/अमृत और टी स्पेशल दूध की कीमतों में भी संशोधन किया गया है। नई दरें भोपाल के साथ इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड के दुग्ध संघों के बाजारों में लागू होंगी।

500 ML से छोटे पैकेटों को राहत

एमपीसीडीएफ ने उपभोक्ताओं को आंशिक राहत देते हुए 500 मिलीलीटर से छोटे पैकेटों की मौजूदा कीमतें बरकरार रखी हैं। फेडरेशन के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास के मुताबिक, दूध की खरीद, पैकिंग सामग्री और परिवहन की लागत लगातार बढ़ रही है। दुग्ध संघों की वित्तीय स्थिति संतुलित बनाए रखने के लिए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के बाहर जिन बाजारों में दुग्ध संघ अलग-अलग दरों पर सांची दूध बेचते हैं, वहां भी संबंधित पैकेटों की मौजूदा कीमतों में इसी अनुपात में बढ़ोतरी लागू होगी।

यह भी पढ़ें- साइबर अटैक की आशंका से मध्य प्रदेश में अलर्ट, 22 सरकारी वेबसाइट बंद; डेटा बचाने के लिए बड़ा कदम

अमूल पहले ही बढ़ा चुका कीमतें

सांची से पहले अमूल ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी लागू की थी। अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 से बढ़कर 74 रुपये और अमूल फ्रेश 57 से बढ़कर 59 रुपये हो गया है। अब सांची के दाम बढ़ने से प्रदेश के दूध उपभोक्ताओं का मासिक बजट भी प्रभावित हो सकता है।

सांची दूध में कितनी बढ़ी कीमतें 

दूध का प्रकार --- पैकेट --- पुरानी कीमत --- नई कीमत

फुल क्रीम --- 500 ML --- ₹35 --- ₹37
फुल क्रीम --- 1 लीटर --- ₹70 --- ₹74
स्टैंडर्ड --- 500 ML --- ₹32 --- ₹34
स्टैंडर्ड --- 1 लीटर --- ₹63 --- ₹67
टोन्ड --- 500 ML --- ₹29 --- ₹30
टोन्ड --- 1 लीटर --- ₹58 --- ₹59
डबल टोन्ड --- 500 ML --- ₹27 --- ₹28
स्किम्ड --- 500 ML --- ₹24 --- ₹25
स्किम्ड --- 1 लीटर --- ₹47 --- ₹49
चाह/अमृत --- 1 लीटर --- ₹62 --- ₹65
टी स्पेशल --- 1 लीटर --- ₹56 --- ₹58

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।