इंदौर में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत पर भड़के स्कूल प्राचार्य, छात्र को दी फेल करने की धमकी; वायरल वीडियो के बाद निलंबन की तैयारी
इंदौर के मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य ने छात्रावास की बदहाली की शिकायत करने वाले छात्र को परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने प्राचार्य देवेंद्र रामिश के निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा, और जांच में कई अव्यवस्थाएं सामने आईं।

प्राचार्य ने दी छात्र को फेल करने की धमकी।
HighLights
प्राचार्य ने छात्रावास शिकायत पर छात्र को धमकाया।
वीडियो वायरल होने पर कलेक्टर ने निलंबन प्रस्ताव भेजा।
जांच में छात्रावास की गंभीर अव्यवस्थाएं उजागर हुईं।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं की शिकायत करना छात्रों को भारी पड़ गया। इंदौर के मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य देवेंद्र रामिश पर 11वीं के छात्र को इंटरनल परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। प्राचार्य का छात्रों को धमकाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्राचार्य को निलंबित करने का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेज दिया है।
मामला छात्रावास में पंखे खराब होने, पानी की किल्लत और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से जुड़ा है। शिकायत करने वाले छात्र ने पहले प्राचार्य से समस्याएं दूर करने की मांग की, लेकिन समाधान नहीं होने पर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी। इसी बात से नाराज प्राचार्य ने छात्रों को बुलाकर परीक्षा में शून्य अंक देने और फेल करने की धमकी दी। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने स्कूल और छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
शिकायत करने पर प्राचार्य ने बुलाया, फेल करने की धमकी का आरोप
छात्रावास के इलेवंथ हाउस में रहने वाले छात्र मिथुन कलोरिया ने बताया कि वह पहले भी कई बार छात्रावास की समस्याओं को लेकर प्राचार्य से शिकायत कर चुका था। दो दिन पहले कमरे का पंखा खराब होने की जानकारी दी, लेकिन उसे ठीक नहीं कराया गया। लगातार परेशानी के चलते उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
छात्र का आरोप है कि शिकायत सामने आने के बाद प्राचार्य ने विद्यार्थियों को बुलाया और इंटरनल परीक्षा में जीरो देकर फेल करने की धमकी दी। छात्रावास के मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी उसने सवाल उठाए। उसका कहना है कि खाने में कई बार कीड़े तक निकल चुके हैं।
निरीक्षण में खुली छात्रावास की पोल
वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा छात्रावास पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई गंभीर खामियां मिलीं।
- छात्रावास में आरओ प्लांट लगा होने के बावजूद पानी की सप्लाई नहीं थी।
- विद्यार्थियों के कमरों में पंखे खराब पड़े थे।
- दीवारें जर्जर हालत में थीं और कई जगह पेड़ों की जड़ें दीवारों तक पहुंच गई थीं।
- शौचालयों में गंदगी और कमरों के आसपास दुर्गंध की समस्या थी।
- मेस की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली।
छात्रों को जिन बुनियादी सुविधाओं के बीच रहना चाहिए, वहां अव्यवस्थाओं का आलम देखकर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
छात्रावास में रैगिंग और खराब गीजर की शिकायत भी सामने आई
निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता छात्र ने डे-स्कॉलर विद्यार्थियों द्वारा बाहरी लड़कों को बुलाकर रैगिंग कराने का आरोप भी लगाया। हालांकि प्राचार्य ने इस शिकायत को निराधार बताया है।
छात्रावास के अन्य विद्यार्थियों ने भी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एक छात्र ने बताया कि गीजर लंबे समय से खराब है, जिसके कारण ठंड के मौसम में भी ठंडे पानी से नहाना पड़ रहा है। दूसरे छात्र ने खिड़कियों में जाली नहीं होने की शिकायत की। उसका कहना था कि रात में मच्छरों के कारण सोना मुश्किल हो जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन का एक्शन
प्राचार्य का छात्रों को धमकाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेज दिया है। छात्रावास की बदहाल स्थिति और विद्यार्थियों की शिकायतों के बाद अब स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही भी जांच के दायरे में है।
बच्चों को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने से पहले हमें बताना चाहिए था। मेरा इरादा बच्चों को सिर्फ डांटकर समझाइश देने का था। उन्हें फेल करने की बात सिर्फ डराने के लिए कही गई थी।
- देवेंद्र रामिश, प्राचार्य, मल्हाराश्रम स्कूलहम स्कूल में निरीक्षण के लिए गए थे। वहां कई अव्यवस्थाएं मिली हैं। इस मामले में कार्रवाई का अधिकार हमारे पास नहीं है। हम जांच प्रतिवेदन बनाकर आज ही कलेक्टर को भेज रहे हैं। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।
- शौर्य मल्होत्रा, जिला शिक्षा अधिकारी,प्राचार्य का छात्रों से किया गया व्यवहार अनुचित था। मैंने उन्हें निलंबित करने के लिए संभागायुक्त को प्रस्ताव भेजा है।
- शिवम वर्मा, कलेक्टर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।