7 चाबियों से खुलती थी 200 किलो वजनी तिजोरी, फिर भी इंदौर में ठेकेदार के बंगले में करोड़ों की चोरी; चोरों ने चुन-चुनकर सोने व हीरे के जेवर उड़ाए
इंदौर के वायएन रोड पर सरकारी ठेकेदार राजेश जैन के बंगले से 200 किलो वजनी तिजोरी से करोड़ों के सोने-हीरे के आभूषण चोरी हो गए। सात चाबियों से खुलने वाली इस तिजोरी से केवल कीमती जेवर गायब हुए, जिससे सुनियोजित चोरी की आशंका है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
वायएन रोड जैसे पॉश इलाके में हुई सनसनीखेज वारदात।
200 किलो वजनी तिजोरी से करोड़ों के जेवर गायब।
चोरों ने केवल कीमती सोने-हीरे के आभूषण चुराए।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के पॉश इलाके वायएन रोड पर रांका मेंशन के पास एक सरकारी ठेकेदार के बंगले में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। ठेकेदार राजेश जैन (युवा) के घर रखी करीब 200 किलो वजनी तिजोरी से सोने के आभूषण और हीरे के महंगे सेट गायब मिले। चोरी गए जेवरों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। तिजोरी का लॉक सात चाबियों से खुलता है और चाबियां पहली मंजिल पर रखी थीं, जबकि तिजोरी दूसरी मंजिल के बेडरूम में फिक्स थी। मामले में सुनियोजित चोरी की आशंका जताई गई है।
राजेश जैन के मुताबिक, उनकी पत्नी प्रिया ने तिजोरी में सोने और हीरे के आभूषण रखे थे। शुक्रवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेवर निकालने तिजोरी खोली गई, तब चोरी का पता चला। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने छोटे और सामान्य आभूषणों को हाथ नहीं लगाया, बल्कि चुनिंदा कीमती जेवर ही गायब किए।
शादी में जाने के लिए तिजोरी खोली, तब सामने आई चोरी
ठेकेदार के परिवार में पति-पत्नी और दो बेटे हैं। घर में हाउसकीपिंग का काम करने वाले दो कर्मचारियों पर संदेह जताते हुए उनसे पूछताछ की गई, लेकिन दोनों ने चोरी से इनकार कर दिया। इसके बाद राजेश जैन साउथ तुकोगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलने पर पुलिस बंगले पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने फिंगर प्रिंट सहित अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल चोरी के तरीके, घर में आने-जाने वालों और संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
200 किलो की तिजोरी, लॉक के लिए सात चाबियां
घर में रखी गोदरेज की तिजोरी करीब 200 किलो वजनी बताई गई है। इसकी खास सुरक्षा व्यवस्था के तहत लॉक सात चाबियों से खुलता है। राजेश जैन का दावा है कि कंपनी के अनुसार इस तिजोरी की चाबियां दूसरी जगह से तैयार नहीं कराई जा सकतीं।
उनकी पत्नी प्रिया ने दीपावली पर पूजन के बाद आभूषण तिजोरी में रखे थे। परिवार को आशंका है कि पिछले 15 दिनों के भीतर चोरी हुई है। ठेकेदार का कहना है कि इस दौरान घर पर बाहरी लोगों की आवाजाही भी सीमित रही, ऐसे में चोरी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 'निष्क्रिय न रहे पत्नी, भत्ते के साथ खुद भी कमा सकती है'; भरण-पोषण मामले में एमपी हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी
हीरे और महंगे गोल्ड सेट पर चोरों ने किया हाथ साफ
पुलिस को दी गई शिकायत में चोरी गए आभूषणों की सूची में मंगलसूत्र, हीरे का सेट, रानी हार, ग्रीन सेट, रेड गोल्डन सेट और अन्य कीमती जेवर शामिल हैं। सूची के मुताबिक, आभूषणों का कुल वजन करीब 1 किलो 340 ग्राम है। वहीं, ठेकेदार ने करीब दो किलो सोने के आभूषण और हीरे के हार सेट चोरी होने की बात कही है।
चोरों ने सामान्य जेवर छोड़कर महंगे और चुनिंदा आभूषणों को निशाना बनाया। इससे चोरी के पीछे जेवरों की जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस अब घर के भीतर और आसपास की गतिविधियों के आधार पर चोरी की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।