विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर में सुनसान मैदान में खड़ी कार से मिले 80 लाख रुपये, देवास के दो किसानों के जवाब से गहराया संदेह

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:02 PM (IST)

इंदौर में पुलिस ने एक संदिग्ध वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। देवास के दो किसानों ...और पढ़ें

कार में मिली भारी मात्रा में नकदी।

कार में मिली भारी मात्रा में नकदी।

HighLights

  1. इंदौर में संदिग्ध वैगनआर कार से 80 लाख नकद मिले।

  2. देवास के दो किसान नकदी का स्रोत नहीं बता पाए।

  3. पुलिस ने रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक संदिग्ध वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार में देवास जिले के दो व्यक्ति सवार थे, जो इतनी बड़ी रकम के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान दोनों ने नकदी के स्रोत को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। संदेह के आधार पर पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को कनाड़िया थाना क्षेत्र में टीपीएस-05 मेन रोड पर फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित खाली मैदान में एक वैगनआर कार (एमपी 09 जेडई 5088) खड़ी मिली। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने कार की जांच की तो उसमें तिलोक गामी और मनोज गामी मिले। दोनों देवास जिले के बागली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा सोमा के निवासी हैं और खेती-किसानी करते हैं।

500 रुपये के नोटों में सबसे ज्यादा नकदी

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 80 लाख रुपये नकद मिले। इनमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 200 रुपये के नोटों में दो लाख और 100 रुपये के नोटों में तीन लाख रुपये शामिल थे। इतनी बड़ी रकम मिलने पर पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से नकदी के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।

पहले एक शख्स से रकम लेने की बात कही, फिर बदला बयान

पूछताछ में दोनों ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि वे यह रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आए हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने दावा किया कि 80 लाख रुपये बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन बेचने से मिले हैं। नकदी को लेकर दोनों के बयानों में अंतर होने से पुलिस का संदेह और गहरा गया।

यह भी पढ़ें- देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 12 मजदूरों की मौत के मामले में दो आरोपियों को हाई कोर्ट से जमानत, जानिए अदालत ने क्या कहा

जमीन बिक्री के दावे की भी होगी जांच

नकदी के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने और बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार पूरी रकम जब्त कर ली। साथ ही आयकर विभाग को मामले की जानकारी दी गई है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि रकम वास्तव में जमीन की बिक्री से मिली थी या किसी अन्य स्रोत से लाई जा रही थी। सुरेश पटेल से नकदी लेने संबंधी दावे की भी पड़ताल की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।