Fact Check: लोको पायलट ने समोसे खरीदने के लिए रोकी ट्रेन? रेलवे ने बताया वायरल Video का पूरा सच
इंदौर-महू रेलखंड पर लोको पायलट के समोसे खरीदने का वायरल वीडियो भ्रामक निकला। पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया कि यह ...और पढ़ें

असिस्टेंट लोको पायलट ने दुकान से समोसे खरीद वापस ट्रेन में सवार हो गया (वीडियो ग्रैब)
HighLights
लोको पायलट के समोसे खरीदने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि यात्री डेमू ट्रेन नहीं, मालगाड़ी थी।
ट्रेन निर्धारित इंजीनियरिंग कार्य के कारण पहले से रुकी थी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर-महू रेलखंड पर एक लोको पायलट के समोसे खरीदने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि लोको पायलट ने समोसे लेने के लिए बीच रास्ते में ट्रेन रोक दी। हालांकि, पश्चिम रेलवे ने इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताते हुए पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट की है।
वायरल वीडियो में एक सहायक लोको पायलट (एएलपी) रेलवे ब्रिज से नीचे उतरकर दुकान से समोसे खरीदता और हाथ में थैली लेकर वापस इंजन में चढ़ता दिखाई देता है। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ भी नजर आती है। वीडियो को इस दावे के साथ साझा किया जा रहा है कि ट्रेन केवल नाश्ता खरीदने के लिए रोकी गई थी, क्योंकि लोको पायलट को भूख लगी थी।
रेलवे ने बताया क्या है सच्चाई?
अब इस मामले में पश्चिम रेलवे ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए इंटरनेट मीडिया पर किए जा रहे दावे को पूरी तरह असत्य और दिग्भ्रमित करने वाला बताया है। रेलवे ने कहा कि कि यह वीडियो किसी यात्री ट्रेन का नहीं, बल्कि एक मालगाड़ी का है। संबंधित मालगाड़ी राऊ यार्ड में निर्धारित इंजीनियरिंग कार्य के कारण पहले से ही RAU होम सिग्नल पर अधिकृत रूप से रुकी हुई थी। ट्रेन को किसी भी स्थिति में खाना या समोसे खरीदने के लिए नहीं रोका गया था।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि ट्रेन के इस अधिकृत ठहराव के दौरान सहायक लोको पायलट व्यक्तिगत रूप से भोजन खरीदने गया था। इसी दृश्य को संदर्भ से हटाकर इस तरह प्रस्तुत किया गया, मानो ट्रेन केवल नाश्ता खरीदने के लिए रोकी गई हो।
यात्री ट्रेन बताकर भी फैलाया गया भ्रम
रेलवे ने यह भी कहा कि वीडियो को गलत तरीके से एक यात्री DEMU ट्रेन से जोड़कर प्रचारित किया गया, जबकि संबंधित घटना मालगाड़ी से जुड़ी थी। इस तरह के भ्रामक दावे और चयनित/संपादित वीडियो क्लिप लोगों को गुमराह करते हैं तथा रेलवे संचालन को लेकर अनावश्यक भ्रम पैदा करते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के बिचौली मर्दाना में तेंदुए ने मचाया आतंक, बाइक सवार पर किया हमला, बाथरूम में घुसकर बैठा
लोगों से की अपील
पश्चिम रेलवे ने नागरिकों से अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो या दावे को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि अवश्य करें। रेलवे ने कहा कि भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने से बचें तथा केवल सत्यापित तथ्यों पर ही भरोसा करें।
