विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर के बिचौली मर्दाना में तेंदुए ने मचाया आतंक, बाइक सवार पर किया हमला, बाथरूम में घुसकर बैठा

Published: Wed, 08 Jul 2026 02:41 PM (IST)

इंदौर के बिचौली मर्दाना में एक तेंदुए ने डिलीवरी बॉय पर हमला कर दिया और फिर एक घर के बाथरूम ...और पढ़ें

HighLights

  1. इंदौर के बिचौली मर्दाना में तेंदुए ने किया हमला।

  2. डिलीवरी बॉय पर हमला कर बाथरूम में घुसा तेंदुआ।

  3. वन विभाग ने लोगों को हटाकर किया तेंदुए का रेस्क्यू।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर से सटे बिचौली मर्दाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। तेंदुए ने बाइक से सामान की डिलीवरी करने जा रहे एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमला करने के बाद तेंदुआ एक मकान के बाथरूम में घुस गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

डिलीवर बॉय ने भागकर बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब नौ बजे निजी स्कूल के पीछे तेंदुआ दिखाई दिया। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय वहां से गुजर रहा था। अचानक सामने आए तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक वहीं छोड़ दी और दौड़कर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि वह सुरक्षित बच निकला।

बारिश-अंधेरे ने बढ़ाई मुसीबत

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ बढ़ने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। रहवासियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और वन विभाग को सूचना दी। बारिश और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लगा। भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने में वन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा

रात करीब 11 बजे रालामंडल अभयारण्य के रेंजर योगेश यादव और इंदौर रेंज की डिप्टी रेंजर कोमल पालीवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेंदुए के बाथरूम में घुस जाने के बाद आसपास के लोगों को घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

दस तेंदुओं का मूवमेंट

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रालामंडल अभयारण्य और देवगुराडिया क्षेत्र तेंदुओं का प्राकृतिक आवास है। इसी कारण बायपास से लगे रिहायशी इलाकों में समय-समय पर तेंदुओं की आवाजाही होती रही है। इस क्षेत्र में दस से अधिक तेंदुओं का मूवमेंट दर्ज किया जाता है।

यह भी पढ़ें- MP में पहली बार हिंदी में होगी BTech सिविल की पढ़ाई, SGSITS इंदौर में शुरू हुआ नया कोर्स; मंदिर निर्माण भी सिलेबस का हिस्सा

पहले भी हो चुकी घटनाएं

गौरतलब है कि अप्रैल में सिल्वर स्प्रिंग कॉलोनी और मई में देवगुराडिया क्षेत्र में भी तेंदुआ दिखाई दिया था। वहीं करीब दस दिन पहले असरावद स्थित बिजली कंपनी की ग्रिड से भी एक तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने आसपास के रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है।