इंदौर में कन्या भोज पर बुलाकर बच्चियों से बर्बरता, 500 रुपये चोरी के शक में कपड़े उतरवाकर पीटा; शिक्षिका पर केस
इंदौर में नवरात्र कन्याभोज के दौरान 500 रुपये चोरी के शक में एक शिक्षिका ने सात बच्चियों से मारपीट की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
इंदौर में कन्याभोज पर बच्चियों से दुर्व्यवहार का मामला।
500 रुपये चोरी के शक में शिक्षिका ने की मारपीट।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। नवरात्र समापन पर कन्याभोज के लिए घर बुलाईं गईं सात बच्चियों के साथ इंदौर में दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। एबी रोड स्थित शहनाई रेसीडेंसी में रहने वाली एक शिक्षिका ने 500 रुपये चोरी होने के संदेह में बच्चियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेते हुए मारपीट की और उन्हें घर से बाहर नहीं जाने दिया। घटना के बाद बच्चियों के स्वजन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ मारपीट और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
500 रुपये का लिफाफा गायब होने पर विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपित अनिता मोहता ने मंगलवार को नवरात्र के अवसर पर नया बसेरा क्षेत्र की सात बच्चियों को कन्याभोज के लिए अपने घर बुलाया था। बच्चियों की उम्र करीब 8 से 11 वर्ष बताई गई है। इसी दौरान 500 रुपये का एक लिफाफा गायब हो गया। महिला ने बच्चियों पर रुपये चुराने का संदेह जताया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, बच्चियों द्वारा चोरी की बात स्वीकार नहीं करने पर महिला ने बच्चियों से मारपीट की और कमरे में बंद कर दिया। बच्चियों को घर से बाहर नहीं निकलने देने का भी आरोप है।
रोते हुए थाने पहुंचीं बच्चियां, स्वजन ने की शिकायत
घटना की जानकारी मिलने पर बच्चियों के स्वजन आक्रोशित हो गए। वे बच्चियों को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चियों को कमरे में बंद कर पीटा गया। कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का आरोप भी सामने आया है, हालांकि पुलिस अधिकारी के अनुसार इस संबंध में एफआईआर में कोई उल्लेख नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों से होगी जांच
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127 के तहत गलत तरीके से बंधक बनाने और धारा 115 के तहत मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चियों के साथ कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।
