विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पावर ऑफ अटॉर्नी से नहीं मिलता मालिकाना हक, जमीन विवाद में इंदौर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:30 PM (IST)

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने फैसला सुनाया है कि केवल पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन का मालिकाना ...और पढ़ें

इंदौर हाई कोर्ट (फाइल फोटो)

इंदौर हाई कोर्ट (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन का मालिकाना हक नहीं मिलता।

  2. जमीन गिरवी रखने को पंजीकृत बंधक विलेख जरूरी है।

  3. मौखिक साक्ष्य पर बंधक का दावा अस्वीकार्य होता है।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। जमीन के मालिकाना हक और पावर ऑफ अटॉर्नी को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केवल पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर किसी व्यक्ति को अचल संपत्ति का मालिकाना हक नहीं मिल जाता। वहीं, जमीन गिरवी रखने का दावा भी केवल मौखिक साक्ष्य के आधार पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसके लिए पंजीकृत बंधक विलेख जरूरी है।

शाजापुर जिले की कृषि भूमि से जुड़े विवाद में हाई कोर्ट ने दोनों अपीलें खारिज कर दीं और विचारण न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा। यह मामला कालापीपल तहसील के ग्राम मोहम्मदपुर मच्छनाई स्थित 0.418 हेक्टेयर कृषि भूमि के स्वामित्व और कब्जे से संबंधित था।

12 हजार रुपये उधार देने के बदले जमीन गिरवी रखने का दावा

अपीलकर्ता बद्रीप्रसाद का कहना था कि उन्होंने 8 नवंबर 1995 को जमीन के मालिक को 12 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बदले संबंधित कृषि भूमि गिरवी रखी गई और उन्हें उसका कब्जा सौंप दिया गया। उनका दावा था कि जमीन मालिक ने उनके पक्ष में पावर ऑफ अटॉर्नी भी निष्पादित की थी। तय समय में कर्ज नहीं चुकाने पर बद्रीप्रसाद ने जमीन पर अपना अधिकार जताया।

वहीं, प्रतिवादी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जमीन कभी गिरवी नहीं रखी गई थी। वर्ष 2011-12 में यह भूमि केवल एक साल के लिए खेती करने के उद्देश्य से बंटाई पर दी गई थी। राजस्व अभिलेखों में भी जमीन प्रतिवादी के नाम दर्ज थी।

यह भी पढ़ें- देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 12 मजदूरों की मौत के मामले में दो आरोपियों को हाई कोर्ट से जमानत, जानिए अदालत ने क्या कहा

कब्जा देने वाले के मालिकाना हक को चुनौती नहीं दे सकते

मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति विनय सराफ ने पाया कि अपीलकर्ता स्वयं स्वीकार कर रहा है कि उसे जमीन का कब्जा प्रतिवादी के माध्यम से मिला था। ऐसे में वह उसी व्यक्ति के स्वामित्व को चुनौती नहीं दे सकता, जिसके जरिए उसे जमीन का कब्जा प्राप्त हुआ।

कोर्ट ने यह भी कहा कि अचल संपत्ति को गिरवी रखने के लिए कानून के अनुसार पंजीकृत दस्तावेज आवश्यक है। इस मामले में अपीलकर्ता ऐसा कोई पंजीकृत बंधक विलेख पेश नहीं कर सका, जिससे जमीन गिरवी रखने का दावा साबित हो सके। केवल मौखिक साक्ष्य के आधार पर बंधक का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।