Dubai Rain: दुबई में भारी बारिश से अस्त-व्यस्त हुआ आम जनजीवन, इंदौर से जाने वाली उड़ान निरस्त; अब इस दिन मिलेगी फ्लाइट
दुबई में हो रही भारी वर्षा के कारण इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान गुरुवार को निरस्त कर दी गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा सप्ताह में एक दिन इंदौर से दुबई की उड़ान संचालित की जाती है। देर रात कंपनी ने इस उड़ान को निरस्त कर दिया। इसमें 186 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी। विमानतल प्रबंधन का कहना है कि दुबई में लगातार वर्षा से उड़ान निरस्त की गई है।
जेएनएन, इंदौर। दुबई में हो रही भारी वर्षा के कारण इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान गुरुवार को निरस्त कर दी गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा सप्ताह में एक दिन इंदौर से दुबई की उड़ान संचालित की जाती है। यह उड़ान गुरुवार रात 10.30 बजे इंदौर आती है और वापसी में रात 12.40 बजे जाती है।
दुबई से आने वाली उड़ान भी इंदौर नहीं आ सकी
देर रात कंपनी ने इस उड़ान को निरस्त कर दिया। इसमें 186 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी। विमानतल प्रबंधन का कहना है कि दुबई में लगातार वर्षा से उड़ान निरस्त की गई है। दुबई एयरपोर्ट पर पानी जमा होने से उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है। दुबई से आने वाली उड़ान भी इंदौर नहीं आ सकी।
इंदौर आने वाले यात्री दुबई में ही फंस गए
ऐसे में इंदौर आने वाले यात्री दुबई में ही फंस गए। घूमने जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। एक सप्ताह बाद अब इंदौर के लिए उड़ान मिलेगी, इसलिए कई यात्री अन्य शहरों की उड़ानों से आने की जुगत में हैं, लेकिन एयरपोर्ट पर पानी भरने के कारण उड़ानें संचालित नहीं हो रही।