MP: अजमेर जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के शूटर से मिली थी कारोबारियों की सुपारी, फिरौती कांड को लेकर बड़ा खुलासा
इंदौर में कॉलेज संचालक रंजन मित्तल से फिरौती मांगने वाले मनीष जांगिड़ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध स्वीकार किया ...और पढ़ें

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कारोबारियों को दी गई धमकी। (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के कॉलेज संचालक रंजन मित्तल से करोड़ों रुपयों की फिरौती मांगने वाले बदमाश मनीष जांगिड़ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन स्वीकार कर लिया है। मनीष अजमेर (राजस्थान) जेल में बंद शूटर ऋतिक बॉक्सर से मिले निर्देशों का पालन कर रहा था। धमकी भरे फोन के बदले भिंड और बीकानेर के कियोस्क संचालकों से मनीष को रुपये मिले थे। इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के बाद एसटीएफ ने भी जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपित ने उगला सच
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार अपोलो डीबी सिटी (निपानिया) निवासी कॉलेज संचालक रंजन अरुण मित्तल को सात फरवरी को इंटरनेशनल नंबरों से धमकी मिली थी। रंजन का पिपल्याकुमार में कॉलेज है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित मनीष जांगिड़ को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। उसे अशोक नगर से गिरफ्तार किया गया था।
राजस्थान, यूपी तक जुड़े तार
मनीष ने दीपक सुतार निवासी बीकानेर (राजस्थान), पवन शर्मा निवासी गोरमी (भिंड), प्रदीप शर्मा निवासी आगरा, ऋतिक बॉक्सर निवासी जयपुर और हरीचंद्र उर्फ हैरी बॉक्सर निवासी अलवर (राजस्थान) का नाम बताया है। राजेश दंडोतिया के अनुसार दीपक और पवन कियोस्क संचालक है। इनके माध्यम से ही मनीष के पास ऑनलाइन रुपये पहुंचे थे। इन दोनों को आगरा से प्रदीप शुक्ला से निर्देश मिले थे।
दीपक और पवन को अशोक नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रदीप मोबाइल बंद कर फरार हो गया है। मनीष जांगिड़ ने अशोक नगर में कारोबारी अंकित अग्रवाल को भी धमकी दी थी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में ‘लॉरेंस गैंग’ की दहशत : कॉलेज संचालक को विदेशी नंबरों से कॉल कर फिरौती की धमकी, क्राइम ब्रांच अलर्ट
अजमेर जेल से नेटवर्क चला रहा लॉरेंस का शूटर
पुलिस के अनुसार मनीष ने बताया कि करीब तीन साल पूर्व उसका संपर्क ऋतिक बॉक्सर से हुआ था। जयपुर निवासी ऋतिक लॉरेंस गैंग का शूटर है। उसका नाम जयपुर के जी-क्लब फायरिंग केस में आया था। गोली चलाने के बाद वह नेपाल भाग गया था। ऋतिक हैरी बॉक्सर के निर्देश पर गोलियां चलाता है।
मनीष ने बताया कि ऋतिक ने ही उसकी हैरी से बात करवाई थी। आरोपित अत्यधिक सुरक्षित एंड टू एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप (सिग्नल एप) के माध्यम से कॉल करता था। पुलिस ने दीपक, पवन, प्रदीप, ऋतिक और हैरी को इस केस में आरोपित बना लिया है।
