इंदौर में 95 साल की वृद्धा की जिंदा जलने से मौत, तीसरी मंजिल के कमरे में बिस्तर में लगी थी आग
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 95 वर्षीय वृद्धा गुलबाई की आग में झुलसने से मौत ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
इंदौर में 95 वर्षीय वृद्धा की आग से मौत।
मकान की तीसरी मंजिल पर बिस्तर में लगी आग।
पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 95 वर्षीय वृद्धा की आग में झुलसने से मौत हो गई। सोमवार देर रात मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही गुलबाई के बिस्तर में अचानक आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देखकर बेटा दीपक ऊपर पहुंचा तो मां के पैर बुरी तरह झुलस चुके थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे के साथ अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
धुआं देखकर ऊपर पहुंचा बेटा
हीरानगर थाना प्रभारी कमल किशोर शर्मा के मुताबिक घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे न्यू गायत्री नगर (एमआर-10) स्थित मकान की है। मृतका की पहचान गुलबाई पति रामसहाय नगरिया (95) के रूप में हुई है। वह मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही थीं। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था, जबकि उनका बेटा दीपक अपनी पत्नी ममता के साथ नीचे रहता है।
दीपक ने पुलिस को बताया कि रात में तीसरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया। वह ऊपर पहुंचा तो कमरे में आग लगी थी और मां के पैर बुरी तरह झुलस चुके थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पटाखे की चिंगारी गिरने की आशंका, मौके पर नहीं मिला पटाखा
बेटे दीपक ने आशंका जताई कि बाहर से किसी पटाखे की चिंगारी उड़कर बिस्तर पर गिरी होगी, जिससे आग लगी। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले चटाई में लगी थी। चटाई में प्लास्टिक होने के कारण आग तेजी से फैली और वृद्धा इसकी चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां पटाखे का कोई अवशेष नहीं मिला। मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर किरायेदार रहते हैं, जबकि वृद्धा तीसरी मंजिल पर अकेली थीं।
आग लगने की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कमरे में आग आखिर कैसे लगी। बेटे ने बताया कि वह रात में मां के पास ही सोता था। फिलहाल पुलिस आग लगने की परिस्थितियों, पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।