विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल मंदिर पहुंचे टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, भस्म आरती में हुए शामिल, केएल राहुल ने भी बाबा के दरबार में टेका मत्था

Published: Fri, 16 Jan 2026 03:03 PM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक, साथ ही बल्लेबाज केएल राहुल ने इंदौर वनडे से पहले उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। गंभीर और कोटक ने भस्म आरती में भाग लिया, जबकि राहुल ने भी आशीर्वाद लिया। गंभीर बगलामुखी धाम भी गए। यह आध्यात्मिक यात्रा भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले से पूर्व टीम की सफलता की कामना के लिए की गई।

बाबा महाकाल के दरबार में गौतम गंभीर व केएल राहुल।

बाबा महाकाल के दरबार में गौतम गंभीर व केएल राहुल।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को इंदौर में खेले जाने वाले एकदिवसीय मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सितारे आस्था के रंग में रंगे नजर आए। शुक्रवार तड़के भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और बैटिंग कोच शीतांशु कोटक उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

18 जनवरी को होने वाले मुकाबले के लिए टीम इंडिया इंदौर में मौजूद है। मैच से पहले दोनों कोच सुबह करीब चार बजे महाकाल मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल से टीम इंडिया की सफलता और जीत की कामना की।

आरती के पश्चात गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक ने गर्भगृह की देहरी से दर्शन किए और नंदी महाराज पर जल अर्पित किया। मंदिर समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने दोनों का सम्मान भी किया।

GG maa bagulamukhi 21548

बगलामुखी धाम में भी की विशेष पूजा

गौतम गंभीर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी देवी के दर्शन किए। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की सुख-शांति, समृद्धि और सफलता की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- मणिकर्णिका घाट ध्वस्तीकरण पर इंदौर में उठे विरोध के स्वर, अहिल्याबाई की विरासत बचाने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

केएल राहुल ने भी लिया बाबा का आशीर्वाद

शुक्रवार को ही भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल भी उज्जैन पहुंचे थे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया, नंदी महाराज के कान में मनोकामना कही और जल अर्पित किया। पूजन के दौरान केएल राहुल केसरिया दुपट्टा धारण किए हुए नजर आए।

राहुल ने गर्भगृह की देहरी से विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक सिम्मी यादव ने उनका स्वागत और सम्मान किया। इंदौर वनडे से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की यह आध्यात्मिक यात्रा क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास चर्चा का विषय बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।