विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल मंदिर के बाहर पिता का बेटी पर जानलेवा हमला, 5 लाख लेकर कराना चाहता था शादी, मना करने पर मारा चाकू

Published: Sat, 07 Mar 2026 02:37 AM (IST)

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के बाहर एक पिता ने अपनी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। बेटी रुद्राक्ष की ...और पढ़ें

चाकू से हमला (प्रतीकात्मक चित्र)

चाकू से हमला (प्रतीकात्मक चित्र)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मंदिर के गेट नंबर-1 के सामने एक पिता ने अपनी ही बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को मौके पर मौजूद लोगों ने बचाकर तुरंत चरक अस्पताल पहुंचाया। वारदात के बाद आरोपित पिता मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, युवती मंदिर के बाहर रुद्राक्ष की माला और अन्य धार्मिक सामग्री बेचकर गुजारा करती है। शुक्रवार सुबह उसका पिता वरसना अचानक वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा, साथ ही पुलिस को भी सूचना दी।

16 साल पहले छोड़ चुका था परिवार

घायल युवती पारदी समुदाय से है और अपनी मां मानाबाई के साथ कार्तिक मेला मैदान क्षेत्र में डेरे में रहती है। उसकी मां ने पुलिस को बताया कि आरोपित वरसना करीब 16 साल पहले परिवार को छोड़कर चला गया था और तब से मां-बेटी ही अपना जीवनयापन कर रही हैं।

पांच लाख के लालच में बना रहा था शादी का दबाव

बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपित पिता वापस आया और बेटी की शादी पांच लाख रुपये लेकर कराने का दबाव बना रहा था। मां-बेटी दोनों ही इस प्रस्ताव के खिलाफ थीं। इसी बात को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था और शुक्रवार सुबह गुस्से में आकर उसने बेटी पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें- MP: ओला, उबर और रेपिडो की बाइक टैक्सी पर हाई कोर्ट सख्त, सुरक्षा इंतजामों पर मांगा जवाब

आरोपित की तलाश में पुलिस

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पारदी परिवार के बीच आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। पिता द्वारा बेटी पर चाकू से हमला करने का मामला दर्ज किया गया है और फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।