धार में बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर ली पिता की जान, छोटी दीवाली पर घर आया था; वारदात के बाद फरार
धार जिले के जामला गांव में छोटी दीपावली के दिन एक बेटे ने मामूली विवाद में अपने पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बाग थाना क्षेत्र के ग्राम जामला में हुई वारदात।
इंदौर में रहकर मजदूरी करता है आरोपी।
पुलिस हत्यारोपी पुत्र की तलाश में जुटी है।
डिजिटल डेस्क, धार। छोटी दीपावली (देवउठनी एकादशी) की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आपसी विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। बाग थाना क्षेत्र के ग्राम जामला के पटेलपुरा में रविवार दोपहर हुई इस वारदात में बेटे ने लट्ठ से पिता पर बेरहमी से हमला कर दिया। सिर के पिछले हिस्से और पैर पर कई वार लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित बेटा फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जामला निवासी 40 वर्षीय कुंवरसिंह मोरी खेती-किसानी करते थे। रविवार को किसी बात को लेकर उनका बेटे अनिल से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर अनिल ने गुस्से में लट्ठ उठा लिया और पिता पर हमला कर दिया। उसने कुंवरसिंह के सिर के पिछले हिस्से और दाहिने पैर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण कुंवरसिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इंदौर में मजदूरी करता है आरोपी
फरियादी तेरसिंह ने पुलिस को बताया कि अनिल इंदौर में मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करता है। उसका परिवार भी इंदौर में ही रहता है। छोटी दीवाली के मौके पर वह अकेला अपने गांव जामला आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ, जो जानलेवा हमले में बदल गया।
यह भी पढ़ें- बालाघाट के बाद अब कटनी में फोर्टिफाइड चावल घोटाला, 32 ट्रकों में भेजा 4 करोड़ का सरकारी खाद्यान्न गायब
हत्या के बाद से फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद अनिल मौके से फरार हो गया। फरियादी की शिकायत पर बाग पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपित की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल पिता-पुत्र के बीच विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।