धार में राखी का बुलावा देने निकले तीन रिश्तेदारों की सड़क हादसे में मौत, बहन के घर से 5 किमी पहले छूटा साथ; बच्ची गंभीर
धार जिले के गंधवानी में राखी का बुलावा देने निकले तीन रिश्तेदारों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
तीन रिश्तेदारों की सड़क हादसे में मौके पर मौत।
राखी का बुलावा देने जा रहे थे बहन के घर।
गंभीर घायल बच्ची को धार अस्पताल रेफर किया गया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। धार जिले के गंधवानी में राखी का बुलावा देने निकले तीन रिश्तेदारों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि बहन के घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा। रविवार को मांगोद-मनावर मार्ग पर ग्राम झरण के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बहन के घर से करीब पांच किलोमीटर पहले हुआ।
एक ही बाइक पर सवार थे
जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन पुरुषों के साथ 12 वर्षीय रेशम भी सवार थी। झरण के पास अचानक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अंतर पिता लालसिंह, धुमसिंह पिता अंतरसिंह निवासी केशवी और भूरसिंह निवासी सालियामाल की मौत हो गई। तीनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जीराबाद पुलिस चौकी प्रभारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल उपचार की जरूरत थी, इसलिए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय उसे अपने वाहन से गंधवानी अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर धार रेफर
गंधवानी अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उसे बाद में एंबुलेंस से धार जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- लाइक्स-फॉलोअर्स का ऐसा जुनून! इंदौर में युवती ने जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर बनाई REEL, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दो दिन में दूसरा हादसा
ग्राम झरण के इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी सड़क हादसा हो चुका है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग पर अंधे मोड़ और तेज रफ्तार वाहन हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं।
ग्राम पंचायत खेड़ी बलवारी के सरपंच इरभान किराड़े ने हादसे वाले स्थान पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि अमझेरा क्षेत्र में कई जगह गतिरोधक बनाए जाने के बाद वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण हुआ है और हादसों में भी कमी आई है।
ग्रामीणों ने झरण मार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और अन्य सड़क सुरक्षा इंतजाम जल्द कराने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
