लाइक्स-फॉलोअर्स का ऐसा जुनून! इंदौर में युवती ने जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर बनाई REEL, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर में एक युवती को जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाने और यातायात बाधित करने के आरोप में गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

युवती ने जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर बनाई रील। (वीडियो ग्रैब)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने का जुनून एक युवती को थाने तक ले गया। इंदौर के लैंटर्न चौराहे पर व्यस्त सड़क के बीच जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाना और कुछ देर के लिए यातायात बाधित करना युवती को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद तुकोगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक युवती खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताती है। शुक्रवार को उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू की और उसकी पहचान के बाद कार्रवाई की।
जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर बनवाई रील
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के अनुसार, वायरल वीडियो में युवती लैंटर्न चौराहे की जेब्रा क्रॉसिंग के बीच सड़क पर लेटी दिखाई दे रही थी। व्यस्त चौराहे पर उसके इस तरह बैठने-लेटने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने सोशल मीडिया पर अधिक लाइक्स और फॉलोअर्स हासिल करने के लिए यह वीडियो शूट कराया था।
साइबर जांच से हुई युवती की पहचान
वीडियो पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने मामले की जांच के निर्देश दिए। साइबर विशेषज्ञों की मदद से वायरल वीडियो और युवती के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला गया।
जांच में युवती की पहचान खजराना निवासी प्रकृति राजेश गौर के रूप में हुई। इसके बाद कमिश्नरेट के इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर तुकोगंज थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने शनिवार को युवती को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में मिड-डे मील के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, मचा हड़कंप; 19 को कराया भर्ती
रील के लिए व्यस्त सड़क को बनाया शूटिंग स्पॉट
पुलिस के अनुसार, युवती ने सामान्य यातायात वाले व्यस्त चौराहे को ही वीडियो शूट करने के लिए इस्तेमाल किया। जिस जेब्रा क्रॉसिंग का उद्देश्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार कराने में मदद करना है, उसी पर युवती लेट गई और उसका वीडियो बनवाया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी युवती के इस कृत्य पर सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि महज सोशल मीडिया लोकप्रियता के लिए यातायात नियमों की अनदेखी करना दूसरों की जान को खतरे में डाल सकता है।
अब रील और शॉर्ट वीडियो पर भी पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर यातायात बाधित करने या खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर नियम तोड़कर रील बनाने वालों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
