धार में महाकाली दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो हाईवे पर पलटी, 10 घायल; 4 की हालत गंभीर
धार जिले के सरदारपुर फोरलेन पर पावागढ़ जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पलटने से 10 लोग घायल हो गए, जिनमें ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
HighLights
धार के सरदारपुर फोरलेन पर बोलेरो पलटी।
पावागढ़ जा रहे 10 श्रद्धालु घायल, चार गंभीर।
पुलिस और डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल।
डिजिटल डेस्क, धार। गुजरात के पावागढ़ महाकाली मंदिर में दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं का सफर बीच रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। ग्राम देवनलिया से बोलेरो में सवार होकर जा रहे 10 श्रद्धालुओं का वाहन धार जिले के सरदारपुर फोरलेन पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन चालक समेत सभी 10 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
देर रात हुआ हादसा
घटना शनिवार देर रात करीब 1:42 बजे की है। देवनलिया निवासी श्रद्धालु बोलेरो क्रमांक एमपी 10 टी 1037 से गुजरात के पावागढ़ स्थित महाकाली मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुए थे। सरदारपुर फोरलेन पर पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन में सवार लोग अंदर फंस गए।
सूचना मिलने पर सरदारपुर पुलिस के साथ डायल 112 की एफआरवी-11 टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जवानों ने बचाव कार्य करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सरदारपुर अस्पताल पहुंचाया।
डायल 112 के जवानों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में एफआरवी-11 के सैनिक जालम सिंह डिडोड़ और पायलट विष्णु सिंगार ने तत्परता दिखाई। दोनों ने घायलों को वाहन से निकालने और समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल जाधव के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार दिया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: गरबा में इंदौर की किशोरी से अभद्रता, भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज
हादसे में ये हुए घायल
दुर्घटना में प्रदीप (28), सजना (19), नरेंद्र (20), ऋतु (21), बीना (25), अंकिता (16), टीना (22), सोनू (22), पायल (20) और बोलेरो चालक अरुण कुमार (20) घायल हुए हैं। सभी इंदौर के ग्राम देवनलिया के निवासी बताए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और डायल 112 की टीम की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सका।
