धार: शादी के छह दिन बाद पग फेरे के बहाने नकदी-गहने लेकर फरार हुई दुल्हन, पति ने दर्ज कराई शिकायत
धार जिले के धामनोद में शादी के छह दिन बाद एक नवविवाहिता पग फेरे के बहाने पति के घर से ...और पढ़ें

लुटेरी दुल्हन फरार (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
नवविवाहिता शादी के छह दिन बाद गहने-नकदी लेकर भागी।
पग फेरे के बहाने रास्ते में बैग लेकर हुई फरार।
पीड़ित पति ने धामनोद थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। प्रदेश के धार जिले के धामनोद क्षेत्र में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। राजस्थान के ब्यावर जिले से शादी के लिए मध्य प्रदेश आए युवक की शादी कुछ दिन पहले हुई थी। नवविवाहिता करीब छह दिन पति के साथ रहने के बाद पग फेरे के बहाने मायके जाने निकली, लेकिन रास्ते में नकदी और गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत धामनोद थाने में की है।
बिचौलियों के जरिए हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के ब्यावर जिले के बिराटिया खुर्द निवासी भगवानलाल का विवाह कुछ दिन पहले खरगोन जिले के सनावद में बिचौलियों के माध्यम से बड़वानी जिले की एक युवती से कराया गया था। शादी से पहले दोनों पक्षों के बीच तय राशि का लेन-देन भी हुआ था।
विवाह के बाद नवविवाहिता करीब छह दिन तक राजस्थान में अपने पति के साथ रही। इसके बाद परिवार पग फेरे की रस्म के लिए मध्य प्रदेश आया।
नाश्ते और शौचालय जाने का बहाना, फिर गायब
परिजनों के अनुसार, धार जिले के धामनोद क्षेत्र में पहुंचने के बाद नवविवाहिता ने शौचालय जाने और नाश्ता करने की बात कही। इसी दौरान वह नकदी और गहनों से भरा बैग लेकर वहां से निकल गई।
कुछ देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद विवाह कराने वाले बिचौलिए हमीर सिंह से संपर्क किया गया। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में वह अलग-अलग बहाने बनाता रहा, लेकिन बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
धमकाने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने नवविवाहिता को वापस बुलाने या शादी में खर्च की गई रकम लौटाने की मांग की तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद परिवार ने धामनोद थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
धामनोद थाना प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों, शादी कराने वाले बिचौलियों की भूमिका और कथित तौर पर ले जाए गए नकदी-गहनों से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
