विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झाबुआ: 14 साल पुरानी प्रेमिका का दूसरे से रिश्ता गुजरा नागवार, महिला को पीटा, मोगरी से की प्रेमी की हत्या; भाजपा नेता पर गंभीर आरोप

Published: Sun, 02 Aug 2026 07:03 PM (IST)

झाबुआ के पेटलावद में एक महिला को बेरहमी से पीटा गया और उसके साथी हरिराम की पीट-पीटकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाररत महिला। (इनसेट- मृतक हरिराम)

अस्पताल में उपचाररत महिला। (इनसेट- मृतक हरिराम)

HighLights

  1. पेटलावद में महिला को पीटा, साथी हरिराम की हत्या।

  2. मुख्य आरोपी भाजपा नेता देवा पर गंभीर आरोप।

  3. महिला के दूरी बनाने पर हुई हिंसक वारदात।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। झाबुआ जिले के पेटलावद की अटल बस्ती में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजगढ़ क्षेत्र से आए कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव और विरोध करने पर महिला के साथी एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।

दरवाजा नहीं खोला तो पीछे के रास्ते से घुसे

घायल महिला भूली बाई पति भारत परमार ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 5 लोगों ने उनके घर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। आगे का दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपित पीछे के रास्ते से घर के अंदर आ गए और अचानक हमला कर दिया।

लकड़ी-मोगरी से किए ताबड़तोड़ वार

आरोपितों ने घर में रखी लकड़ी और मोगरी से महिला और बीच-बचाव कर रहे हरिराम पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपित भाजपा नेता देवा पुत्र थावरिया सिंगाड़ के साथ वह करीब 14 साल से संपर्क में थी। हालांकि, पिछले करीब एक साल से महिला ने आरोपित देवा से पूरी तरह दूरी बना ली थी।

कई महीनों से चल रहा था विवाद

इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कई महीनों से लगातार विवाद चल रहा था, जो शनिवार रात को हिंसक रूप ले लिया। मृतक हरिराम और भूली बाई 31 जुलाई को उज्जैन दर्शन के लिए गए थे और 1 अगस्त की शाम को ही वापस लौटे थे। महिला का देवा से दूर होना और हरिराम का उसका सहयोगी बनना आरोपित को रास नहीं आया।

मृतक का पुत्र बोला- किया था विवाद

मृतक हरिराम के पुत्र ने बताया कि शनिवार रात आरोपित उनके धुलेट स्थित घर पर आए और गाली-गलौज करने के बाद चले गए। इसके बाद रविवार सुबह करीब 5 बजे पेटलावद अस्पताल से फोन आया कि उनके पिता की हालत गंभीर है, जिसके बाद वे वापस पेटलावद पहुंचे।

यह भी पढ़ें- भोजशाला विवाद: 'सुप्रीम' फैसले के बाद तय जमीन पर पढ़ी गई जुमे की नमाज, स्थानीय लोगों ने जताई थी आपत्ति

दोबारा पहुंचकर धमकाया

आरोपितों की दबंगई का आलम यह था कि सुबह होते ही आरोपित दोबारा हरिराम के घर पहुंचे और परिजनों को धमकाया। घायल महिला भूली बाई के बयानों के आधार पर थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया ने बताया कि बीएनएस की धारा 103(1), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मुख्य आरोपित देवा पुत्र थावरिया सिंगाड़ और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।