देवास में पाम ऑयल से भरा टैंकर बेकाबू होकर पलटा, तेल बहते ही डिब्बे लेकर टूट पड़े लोग
देवास के मक्सी बायपास पर एक पाम ऑयल टैंकर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया, जिससे बड़ी ...और पढ़ें

सड़क किनारे पलटा टैंकर।
HighLights
देवास के मक्सी बायपास पर पाम ऑयल टैंकर पलटा।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ यह हादसा।
स्थानीय लोग डिब्बे लेकर तेल इकट्ठा करने पहुंचे।
डिजिटल डेस्क, देवास। देवास के मक्सी बायपास पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गुजरात के गांधीधाम से 40 हजार लीटर से अधिक पाम ऑयल लेकर देवास के पास सिया औद्योगिक क्षेत्र जा रहा टैंकर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा तेल बहने लगा। यह देखते ही आसपास के लोग डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और पाम ऑयल भरने की होड़ लग गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे में टैंकर चालक या किसी अन्य व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। चालक के मुताबिक, टैंकर में 40 हजार लीटर से ज्यादा पाम ऑयल भरा था। टैंकर पलटने के बाद इसका अधिकांश हिस्सा पास के नाले में बह गया।
तेल भरने पहुंचे लोग हटाने पर भी नहीं माने
टैंकर चालक राजस्थान के अजमेर निवासी नंद सिंह राठौड़ ने बताया कि हादसे के बाद करीब 15 से 20 लोग डिब्बे लेकर तेल भरने पहुंच गए थे। उन्हें मौके से हटाने का प्रयास किया, लेकिन एक-दो लोगों को हटाते तो दूसरे लोग पहुंच जाते थे। चालक के अनुसार, टैंकर को देवास से करीब सात-आठ किलोमीटर दूर स्थित पारले कंपनी में खाली करना था।
बाइक सवार को बचाने में बिगड़ा संतुलन
नंद सिंह ने बताया कि मक्सी बायपास पर अचानक तेज गति से एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के लिए टैंकर को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। टैंकर के पास ही नाला होने के कारण बड़ी मात्रा में पाम आइल उसमें बह गया।
यह भी पढ़ें- मंच से बोले BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार- 'क्या इस्तीफा दे दूं?' भीड़ ने कहा- 'दे दो'; वायरल हुआ वीडियो
यहां पहले भी हुए हादसे
मक्सी बायपास का यह हिस्सा पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। कुछ साल पहले इसी जगह टायर और कपड़ों से भरे ट्रकों में आग लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह रही कि टैंकर पलटने की सूचना दोपहर तक पुलिस तक नहीं पहुंची थी।
दोपहर करीब पौने दो बजे कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से यातायात थाना प्रभारी पवन कुमार बागड़ी को घटना की जानकारी दी। इस पर उन्होंने मौके पर पुलिस टीम भेजने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।