इंदौर में क्रिकेट का अनूठा रोमांच : सनातन प्रीमियर लीग में संतों ने जमकर लगाए चौके-छक्के, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को दी मात
इंदौर के नेहरू स्टेडियम में सनातन क्रिकेट लीग का अनूठा मुकाबला हुआ। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बल्ला थामकर अर्धशतकीय पारी ...और पढ़ें

मैदान पर क्रिकेट का हुनर दिखाते कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय व देवकीनंदन ठाकुर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। हजारों श्रद्धालुओं के बीच मंच पर बैठकर कथा सुनाने वाले कथावाचक रविवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में क्रिकेट मैदान पर उतरे। हाथों में धर्मग्रंथ की जगह बल्ला और गेंद थी। मैदान में चुनौती देने वालों में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और फिल्मी सितारे भी थे।

युवाओं में सनातन संस्कारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सनातन क्रिकेट लीग के इस मुकाबले में कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने अर्धशतकीय पारी खेली। जिससे महाराज एकादश ने लीजेंड एकादश को 10 विकेट से पराजित किया।

नेहरू स्टेडियम में दूधिया रोशनी के बीच खेले गए मैच में कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कुशल बल्लेबाज की तरह शॉट लगाए। उन्होंने 25 गेंदों पर नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 62 रनों की जोरदार पारी खेली। वहीं इंद्रेश महाराज ने पांच रन, चिन्मयानंद बापू ने चार रन और अर्पित दास ने छह रन बनाए।

संत राघव महाराज और देवांश महाराज ने झटके विकेट
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड इलेवन ने पांच ओवर में चार विकेट पर 89 रन बनाए। वहीं टीम में शामिल पीयूष चावला ने 38 रन, सुरेश रैना ने 20 रनों का योगदान दिया। पंकज सिंह ने 12 और प्रवीण कुमार ने 10 रन बनाए। महाराज एकादश की ओर से संत राघव महाराज और देवांश महाराज ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में महाराज इलेवन ने पांच ओवर में बिना विकेट गंवाए 92 रन बनाकर मैच जीत लिया।

संतों की मदद के लिए मैदान में उतरे ‘राम’
टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभा चुके मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल मैच में आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने महाराज इलेवन टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस टीम में अभि महाराज, राघव महाराज, देवांश महाराज, योगेश शर्मा, मनमोहन शर्मा और शुभम तिवारी शामिल थे। वहीं लीजेंड इलेवन में सुरेश रैना, पीयूष चावला के अलावा प्रवीण कुमार, मोहित शर्मा, सन्नी कटियाल, दीपक कपूर, पंकज सिंह, मदनलाल, मुकेश भाटीवाल, राबिन सिंह और मनिंदर सिंह शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।