आलीराजपुर की पहाड़ी में मिले 3000 साल पुराने शैल चित्र, घुड़सवार-बैल और रहस्यमयी ज्यामितीय आकृतियों ने बढ़ाई उत्सुकता
मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की कट्ठीवाड़ा तहसील में 3000 वर्ष पुराने शैल चित्र मिले हैं, जिनमें घुड़सवार, बैल और ...और पढ़ें

आलीराजपुर की पहाड़ी में मिले शैल चित्र। (सौजन्य- मप्र पुरातत्व संचालनालय)
HighLights
आलीराजपुर में 3000 वर्ष पुराने शैल चित्र खोजे गए।
घुड़सवार, बैल और ज्यामितीय आकृतियाँ प्रमुखता से चित्रित हैं।
विस्तृत सर्वे से आदिम इतिहास के नए रहस्य खुलेंगे।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की कट्ठीवाड़ा तहसील की पहाड़ी में लगभग 3000 वर्ष पुराने शैल चित्र मिले हैं। ये चित्र इस क्षेत्र के आदिम इतिहास की नई परतें खोल सकते हैं। मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय ने अक्टूबर में दो शैलाश्रयों के सर्वे के दौरान सफेद रंग से बने घुड़सवार, बैल और ज्यामितीय आकृतियों को खोजा है। अब करीब 147 वर्ग किमी क्षेत्र की पहाड़ी का विस्तृत सर्वे कराने की तैयारी है।
सफेद बिंदुओं से बनाई गईं पांच अनोखी आकृतियां
इन शैल चित्रों को उज्जैन के त्रिवेणी संग्रहालय के क्यूरेटर योगेश पाल ने खोजा। इनमें सबसे विशिष्ट पांच ज्यामितीय आकृतियां हैं, जिन्हें सफेद रंग के छोटे-छोटे बिंदुओं को जोड़कर बनाया गया है। ये एक सीधी कतार में हैं। इनमें एक आकृति 42 सेंटीमीटर ऊंची और 50 सेंटीमीटर चौड़ी है। इसके अलावा चट्टान पर दो स्पष्ट घुड़सवार और उनके पीछे कुछ धुंधली आकृतियां मिली हैं। निचली सतह पर बैल जैसी आकृति भी दिखाई देती है।

विस्तृत सर्वे में खुल सकते हैं नए रहस्य
विस्तृत सर्वे से शिकार में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के औजार, रहने के स्थान, पशुओं और प्रकृति के प्रति उनकी मान्यताओं तथा धार्मिक गतिविधियों के प्रमाण मिलने की संभावना है। चट्टानों और आसपास की जमीन में मानव अवशेष या शवदाह और दफन से जुड़े संकेत भी मिल सकते हैं।
यदि सर्वे में महत्वपूर्ण पुरातात्विक अवशेष मिलने की संभावना दिखती है तो उत्खनन भी कराया जा सकता है। मप्र पुरातत्व संचालनालय एवं अभिलेखागार की संयुक्त संचालक डा. मनीषा शर्मा ने कहा कि पूरी पहाड़ी के सर्वे की कार्ययोजना बना रहे हैं। सर्वे में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
पिथौरा पूजा से हो सकता है जुड़ाव
आलीराजपुर और झाबुआ में भील और भिलाला समुदाय की पिथौरा पूजा में घोड़े और घुड़सवार प्रमुख रूप से चित्रित किए जाते रहे हैं। इनमें घोड़े देवी-देवताओं और पूर्वजों के प्रतीक के रूप में भी दर्शाए जाते हैं। ऐसे में हजारों वर्ष पुराने शैल चित्रों में घुड़सवारों की मौजूदगी इस क्षेत्र में घोड़े के धार्मिक महत्व को समझने का आधार बन सकती है। हालांकि, इन दोनों परंपराओं के बीच सीधा संबंध स्थापित करने के लिए और शोध की जरूरत होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।