अवैध संबंध में बाधक बना पति, पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश... शराब के नशे में गला घोंटा, हादसा दिखाने शव पर दो बार चढ़ाया ट्रैक्टर
आलीराजपुर में पत्नी ने प्रेमी और साथियों संग मिलकर पति की हत्या कर दी, क्योंकि वह उनके अवैध संबंध में ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक तस्वीर एआई से निर्मित।
HighLights
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या की।
हत्या को सड़क दुर्घटना दिखाने शव पर ट्रैक्टर चढ़ाया गया।
घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन से हत्याकांड का खुलासा हुआ।
डिजिटल डेस्क, आलीराजपुर। प्रदेश के आलीराजपुर जिले में पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने का खौफनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को स्कूटी के पास रखकर उस पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। आरोपियों को उम्मीद थी कि इसे हादसा समझा जाएगा, लेकिन घटनास्थल पर मिला एक मोबाइल फोन पूरे हत्याकांड का राज खोल गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
सड़क किनारे मिला था शव
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरधी निवासी दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले का शव चांदपुर-साकड़ी मार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के पास उसकी स्कूटी भी पड़ी थी। शुरुआती तौर पर पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया था।
हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मौत की वजह की गहराई से जांच कराई। जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दिलीप की मौत दुर्घटना में नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग की पति को लग गई थी भनक
पुलिस की जांच में सामने आया कि दिलीप की पत्नी सेंगली के गांव के ही रमेश पिता मोती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस रिश्ते की जानकारी दिलीप को लग गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होने लगी थी। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
पति के नशे की सूचना देकर बुलाया प्रेमी
वारदात वाले दिन सेंगली ने रमेश को फोन कर बताया कि दिलीप अत्यधिक शराब के नशे में है। इसके बाद रमेश अपने दो साथियों महेश और सिलदार के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों दिलीप को घर के पीछे स्थित तुअर के खेत में ले गए। वहां पीले रंग की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव पर चढ़ाया ट्रैक्टर
हत्या को सड़क हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने दूसरी साजिश रची। वे दिलीप के शव को उसकी स्कूटी के साथ चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले गए। यहां दशरिया और नानसिंह भी पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, दशरिया ने ट्रैक्टर से शव और स्कूटी को दो बार आगे-पीछे करते हुए कुचल दिया, ताकि देखने वालों को यह सड़क दुर्घटना लगे। वारदात के बाद आरोपित ट्रैक्टर छिपाकर अपने घर चले गए।
यह भी पढ़ें- कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान
मौके पर छूटा मोबाइल बना सुराग
हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश के बीच आरोपियों से एक बड़ी चूक हो गई। घटनास्थल पर पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में फोन की पहचान दशरिया के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाकर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी और प्रेमी समेत पांच गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सेंगली, उसके प्रेमी रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी सिलदार फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238, 61(2) और 3(5) के तहत हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में चांदपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीपसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।