आलीराजपुर के अस्पताल में लापरवाही की हद! मरीज के बेड पर सोता मिला कुत्ता, Video वायरल
आलीराजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बीमार आवारा कुत्ता मरीज के बेड पर सोता मिला, जिससे अस्पताल की लापरवाही ...और पढ़ें

अस्पताल में मरीज के बेड पर आराम फरमाता श्वान।
HighLights
आलीराजपुर अस्पताल में मरीज के बेड पर मिला बीमार कुत्ता।
घटना का वीडियो वायरल होने से अस्पताल प्रबंधन पर सवाल।
विशेषज्ञ ने चेताया- संक्रमित कुत्ते से त्वचा रोग फैलने का खतरा।
डिजिटल डेस्क, आलीराजपुर। अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग के दावे उस समय सवालों के घेरे में आ गए, जब चंद्रशेखर आजाद नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जनरल वार्ड में एक बीमार आवारा कुत्ता मरीजों के बेड पर आराम फरमाता नजर आया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कुत्ते के शरीर से बाल झड़ चुके थे और वह देखने में कृशकाय, बीमार लग रहा था। वह दोपहर करीब 12 बजे तक जनरल वार्ड के बेड पर ही पड़ा रहा। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर में मौजूद किसी भी कर्मचारी ने उसे वहां से हटाने की जहमत नहीं उठाई। जिस बेड पर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाना चाहिए, वहां आवारा कुत्ते की मौजूदगी अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
संक्रमित कुत्ते से फैल सकता है त्वचा रोग
पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश वास्केल ने चेताया है कि ऐसे संक्रमित कुत्तों के संपर्क में आने से इंसानों, विशेषकर बच्चों में स्केबीज (खुजली संबंधी त्वचा रोग) जैसी समस्या फैलने का खतरा हो सकता है। ऐसे में अस्पताल के जनरल वार्ड में बीमार आवारा पशु का खुलेआम मौजूद रहना मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें- वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर चले थे 'बाप' बनने, इंदौर पुलिस ने पकड़कर काट दिया 6300 का चालान
घटना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, वार्डों की निगरानी और आवारा पशुओं को अस्पताल परिसर से दूर रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों के उपचार के लिए बने अस्पताल में इस तरह की लापरवाही संक्रमण के खतरे को बढ़ा सकती है।