शिवपुरी में पटाखे फोड़ने पर पड़ोसियों में भिड़ंत, मां-बेटी से मारपीट; आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर किया हंगामा
शिवपुरी में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर दो परिवारों में विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट और घर ...और पढ़ें

लोगों ने किया हंगामा।
HighLights
दीपावली पर पटाखे फोड़ने को लेकर पड़ोसियों में विवाद हुआ।
एक परिवार ने घर में घुसकर मारपीट और हमले का आरोप लगाया।
घटना के बाद थाने पर भीड़ जुटी, विरोध प्रदर्शन भी किया गया।
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ विवाद अगले दिन शिवपुरी में तनाव और विरोध प्रदर्शन की वजह बन गया। फिजिकल थाना क्षेत्र की करौंदी कॉलोनी में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। एक परिवार ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर हमला करने और महिलाओं के साथ भी मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद रात में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर थाने पर भीड़ जुटी, जबकि सुबह से दोपहर तक जुलूस निकालने को लेकर प्रदर्शन और धरना चलता रहा।
मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की आशंका के बीच पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी। दोनों पक्षों के लोगों को थाने के आसपास जमा होने से रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती की और हल्का बल प्रयोग भी किया। पुलिस की कार्रवाई से स्थिति को और बिगड़ने से रोकने का प्रयास किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पटाखे फोड़ने पर पड़ोसी से हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, करौंदी कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय आदित्य बाथम ने अपनी मां शकुन और बहन संध्या के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। आदित्य का आरोप है कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब आठ बजे वह घर के सामने पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बाबा खान ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर बाबा खान अपने बेटों फैजल और जुबेर के साथ लाठी-डंडे और पल्टा लेकर घर में घुस आया। आरोप है कि जुबेर ने पल्टे से आदित्य के सिर के पीछे वार किया, जिससे उसे चोट लगी और खून निकलने लगा। वहीं, फैजल ने लात-घूंसों से मारपीट की। इससे आदित्य की पीठ और जांघ में चोट आई।
मां और बहन से भी मारपीट
आदित्य के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी मां शकुन बाथम और बहन संध्या के साथ भी मारपीट की गई। संध्या के दोनों घुटनों में चोट आई है। परिवार ने बताया कि घटना के समय राज बाथम और बंटी बाथम भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। घायल संध्या को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
परिवार का कहना है कि दीपावली पर बच्ची आतिशबाजी कर रही थी। इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने विवाद शुरू किया और त्योहार मनाने की बात कहने पर मारपीट की।
एफआईआर और जुलूस को लेकर थाने पर जुटे लोग
घटना के बाद रात में ही एफआईआर को लेकर फिजिकल थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अगले दिन सुबह से जुलूस निकालने की बात पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने के आसपास एकत्र होने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला।
यह भी पढ़ें- दीपावली के पटाखों ने बिगाड़ी ग्वालियर की हवा, AQI 396 के पार; प्रदेश में सबसे प्रदूषित शहर बना
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर पटाखा फोड़ने पर विवाद हुआ। रात में ही कायमी कर ली गई है। उनकी कुछ मांगें हैं, जिन्हें लेकर वह धरना दे रहे हैं। जिन लोगों ने उपद्रव किया है, पुलिस का वाहन फोड़ा है, उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
-सचिन कुमार धुर्वे, एसडीओपी, शिवपुरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।