श्योपुर में रेत माफिया की दबंगई, घड़ियाल अभयारण्य की टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश; हाईवे पर ही खाली कर दी ट्रॉली
श्योपुर में चंबल नदी के रेत का अवैध परिवहन कर रहे रेत माफिया ने घड़ियाल अभयारण्य की टीम पर हमला कर दिया। माफिया ने चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली से हाईवे पर रेत खाली कर दी और टीम की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश भी की, जिसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।

टीम पर हमले का प्रयास, मार्ग में ही खाली की रेत से भरी ट्रॉली। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
रेत माफिया ने घड़ियाल अभयारण्य टीम पर हमला किया।
चलते ट्रैक्टर से हाईवे पर अवैध रेत खाली की गई।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
डिजिटल डेस्क, श्योपुर। शहर में दिनदहाड़े चंबल नदी के रेत का अवैध परिवहन कर रहे रेत माफिया पर कार्रवाई करने पहुंची राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य (घड़ियाल )विभाग की टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। आरोपितों ने चलते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली का प्रेशर उठाकर ट्रॉली को खाली कर दिया। इस दौरान दूसरा ट्रैक्टर ट्रॉली टीम की गाड़ी को रोके रखा, कई वार कट मारकर गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिस भी करता रहा।
रेत माफिया की दबंगई का आलम यह है कि एक आरोपित बड़ी सी लकड़ी लेकर वन विभाग की टीम पर हमला करने के लिए भी खड़ा हो गया। इस पूरे मामले का वीडियो राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य की टीम ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला शहर के एनएच-552 का है, जहां राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य की टीम ट्रैक्टर-ट्राली से चंबल नदी से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन कर रहे लोगों पर कार्रवाई करने पहुंची थी।रेंज ऑफिसर सोमेश शर्मा और एसडीओ रावत अपनी पूरी टीम को लेकर घेराबंदी करने लगे तो आरोपित चलते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर उठाकर ट्राली की रेत को एनएच पर खाली करने लग गए।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में सिर पर गंदे पानी का कैंपर लेकर पहुंचे पूर्व पार्षद, नगर निगम से पूछा- यही है नंबर वन स्वच्छता?
दूसरा ट्रैक्टर वन विभाग की गाड़ियों को साइड नहीं लेने दे रहा था, बीच-बीच में कट मारकर ट्रैक्टर चलाने का प्रयास भी कर रहा था। पूरे मामले का वीडियो वन विभाग की टीम ने अपने मोबाइल फोन से बनाकर कोतवाली थाने में मामले की शिकायत की है।