40 हजार करोड़ की सिंधिया संपत्ति का विवाद: साक्ष्य पेश करने नहीं पहुंचीं प्रतिमा देवी, कोर्ट ने लगाया 10 हजार का जुर्माना
सिंधिया राजघराने की 40 हजार करोड़ की संपत्ति के विवाद में प्रतिमा देवी अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत करने नहीं पहुंचीं। ...और पढ़ें

सिंधिया परिवार की खरबों रुपये की संपत्ति बंटवारे पर प्रतिमा देवी ने आपत्ति दर्ज कराई है। (फाइल फोटो)
HighLights
सिंधिया संपत्ति विवाद में प्रतिमा देवी अदालत में अनुपस्थित।
साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर कोर्ट ने लगाया जुर्माना।
40 हजार करोड़ की संपत्ति का कानूनी मामला जारी।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। सिंधिया राजघराने की 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में नया घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बड़ी बुआ दिवंगत पद्मावती राजे की बेटी प्रतिमा देवी अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित तारीख पर नहीं पहुंचीं। इस पर अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने नाराजगी जताते हुए उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। कोर्ट ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए अंतिम अवसर देते हुए अगली सुनवाई 2 दिसंबर को तय की है।
दरअसल, प्रतिमा देवी ने अपनी तीनों मौसियों राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे और उषा राजे के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि परिवार के सदस्यों ने धोखे से उनसे संपत्ति विवाद के समझौता प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करवाए थे।
प्रतिमा देवी ने समझौते पर उठाए सवाल
प्रतिमा देवी की ओर से अदालत में आवेदन देकर आरोप लगाया गया था कि उनसे समझौते पर हस्ताक्षर कराते समय धोखे का सहारा लिया गया। उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए अदालत ने उन्हें अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य पेश करने और पक्ष रखने का मौका दिया था। इसी प्रक्रिया के तहत उन्हें अदालत में उपस्थित होकर बयान और सबूत प्रस्तुत करने थे, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर नहीं पहुंचीं।
मौसियों और सिंधिया ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी ओर, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने अदालत में अपना जवाब दाखिल कर प्रतिमा देवी के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि समझौते पर सभी पक्षों ने अपनी सहमति से हस्ताक्षर किए थे।
उन्होंने अपने जवाब में यह भी उल्लेख किया कि समझौते के बाद परिवार के सभी सदस्य साथ रहे थे। इस दौरान फैमिली डिनर हुआ और सभी ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से भी अदालत में यही पक्ष रखा गया है कि समझौता पूरी सहमति से हुआ था।
अब अदालत ने प्रतिमा देवी को अंतिम मौका दिया है। 2 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में यह देखना अहम होगा कि वह अपने आरोपों के समर्थन में क्या साक्ष्य प्रस्तुत करती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।