शिवपुरी: भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश को हत्या के प्रयास के केस में जमानत, एक दिन पहले कोर्ट में किया था सरेंडर
भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को हत्या के प्रयास के मामले में अदालत से जमानत मिल ...और पढ़ें

दिनेश लोधी को कोर्ट से मिली जमानत।
HighLights
दिनेश लोधी को हत्या के प्रयास मामले में जमानत मिली।
मंगलवार को अदालत में आत्मसमर्पण के बाद न्यायिक हिरासत।
अदालत ने उसकी जमानत याचिका बुधवार को स्वीकार की।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को हत्या के प्रयास के मामले में अदालत से राहत मिल गई है। बुधवार को एडीजे कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली। खास बात यह है कि दिनेश ने मंगलवार को ही अदालत में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। सरेंडर के महज एक दिन बाद उसे जमानत मिल गई।
दिनेश लंबे समय से इस मामले में अदालत की पेशियों से गैरहाजिर चल रहा था। लगातार अनुपस्थित रहने पर 7 अक्टूबर को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद मंगलवार को उसने एडीजे कपिल सोनी की अदालत में आत्मसमर्पण किया।
कोर्ट में बोला- पहली गलती है, दोबारा नहीं करूंगा
सुनवाई के दौरान दिनेश ने खुद को निर्दोष बताते हुए अदालत से माफी मांगी। उसने न्यायाधीश से कहा कि यह उसकी पहली गलती है और भविष्य में वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा। हालांकि, लगातार पेशियों पर गैरहाजिर रहने को लेकर एडीजे कपिल सोनी ने कड़ी नाराजगी जताई।
न्यायाधीश ने फटकार लगाते हुए कहा कि आप न्यायालय का सम्मान नहीं करते और निर्धारित तारीखों पर भी उपस्थित नहीं होते। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सरेंडर की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और दोपहर 2 बजे उसे जेल भेज दिया गया। बुधवार को बचाव पक्ष की ओर से जमानत आवेदन पेश किया गया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
स्कूटर को कार से टक्कर मारने का आरोप
मामला 31 दिसंबर 2023 का है। आरोप है कि दिनेश लोधी ने रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़ी स्कूटर को अपनी कार से जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया था। इसी मामले में अदालत में सुनवाई चल रही थी, लेकिन दिनेश लगातार पेशियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में सिर पर गंदे पानी का कैंपर लेकर पहुंचे पूर्व पार्षद, नगर निगम से पूछा- यही है नंबर वन स्वच्छता?
अन्य मामले में पहले कोर्ट में हुआ था पेश
इस प्रकरण का एक और अहम पहलू सामने आया है। 21 सितंबर को दिनेश लोधी इसी न्यायालय परिसर की दूसरी अदालत में एक अन्य आपराधिक मामले में पेश हुआ था। वहां उसने जमानत भी हासिल कर ली थी। इसके बावजूद हत्या के प्रयास के मामले में वह अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिरी के चलते उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ और आखिरकार उसे सरेंडर करना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।