'कोई विघ्न डाले तो साइड में ले जाकर कर देना डेंटिंग-पेंटिंग', शिवपुरी में CM के कार्यक्रम से पहले BJP विधायक प्रीतम लोधी का विवादित बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिवपुरी दौरे से पहले पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बयान ने सियासी माहौल गरमा ...और पढ़ें

विधायक प्रीतम लोधी। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री के शिवपुरी दौरे से पहले विधायक का विवादित बयान।
प्रीतम लोधी ने व्यवधान डालने वालों को 'डेंटिंग-पेंटिंग' की चेतावनी दी।
लाडली बहना योजना कार्यक्रम को लेकर शिवपुरी में सियासी हलचल तेज।
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिवपुरी दौरे से ठीक एक दिन पहले पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बयान ने सियासी माहौल गरमा दिया है। लाडली बहना योजना के कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान डालने वालों को उन्होंने खुले मंच से चेतावनी दी है। विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं से यहां तक कह दिया कि यदि कोई उपद्रव करे या बैनर-पोस्टर फाड़े तो उसे अलग ले जाकर उसकी 'डेंटिंग-पेंटिंग' कर दी जाए। उनका यह वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
13 नवंबर को शिवपुरी में होगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
दरअसल, 13 नवंबर को शिवपुरी के छत्रपाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस आयोजन के दौरान प्रदेशभर की लाडली बहनों के खातों में योजना की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।
प्रशासन से चूक हुई तो कार्यकर्ता संभालेंगे मोर्चा
विधायक ने कहा कि 13 नवंबर को मुख्यमंत्री छत्रपाल स्टेडियम आ रहे हैं। यहां लाडली बहनों का कार्यक्रम होगा और पूरे मध्य प्रदेश की महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस कार्यक्रम में व्यवधान डालने, उपद्रव करने या बैनर-पोस्टर फाड़ने की कोशिश करता है तो पहले प्रशासन उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि प्रशासन से कोई चूक होती है तो पिछोर के उनके 'डायमंड' कार्यकर्ता ऐसे लोगों को बिल्कुल न बख्शें। उन्हें साइड में ले जाकर 'डेंटिंग-पेंटिंग' कर दें। विधायक ने कहा कि लाडली बहनों के कार्यक्रम में वह किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं चाहते।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के अटल स्मारक में रोबोट सुनाएंगे कारगिल की कहानी, ह्यूमनाइड दिखाएगा अटलजी का 'संसदीय अवतार'
बयान का वीडियो वायरल
विधायक का यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले दिए गए इस बयान को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। खास तौर पर कार्यकर्ताओं को दी गई मारपीट जैसी चेतावनी ने विवाद की स्थिति पैदा कर दी है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।