शादी का झांसा देकर अपहरण, सुनसान जगह में वारदात : पन्ना में ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार
पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 'लुटेरी दुल्हन गैंग' का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह शादी का ...और पढ़ें

लुटेरी दुल्हन (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में शादी का सपना दिखाकर ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाली सक्रिय ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस संगठित गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन समेत 18 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है।
ऐसे रचा गया शादी का जाल
नयागांव धरमपुर निवासी 43 वर्षीय बसंत लाल त्रिपाठी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 15 दिन पहले एक परिचित के जरिए उसकी शादी के लिए ग्राम उडकी सिंहपुर निवासी लल्लू चौधरी से संपर्क कराया गया।
विगत 23 फरवरी को तय कार्यक्रम के अनुसार वह अपने साथियों के साथ बोलेरो से पहाड़ीखेड़ा लड़की देखने पहुंचा। मिश्रा ढाबा के पास लल्लू चौधरी दो युवतियों और एक महिला के साथ मिला। यहां शादी तय करने के नाम पर रुपयों की मांग की गई। जब साथियों ने आपत्ति जताई तो उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया।
अगवा कर धमकाया, खाते से निकाले रुपये
शाम करीब 7:30 बजे सफेद स्कॉर्पियो (MP17CB1759) से पहुंचे आरोपितों ने फरियादी को जबरन वाहन में बैठाया और खनगढ़ की ओर सुनसान इलाके में ले जाकर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी।
आरोपितों ने उसके पास से टैबलेट और 20 हजार रुपये नकद छीन लिए। इतना ही नहीं, यूपीआई पासवर्ड हासिल कर खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद उसे सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।
बस स्टैंड पर घेराबंदी, गिरोह गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान और एसडीओपी राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
26 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर सभी आरोपितों को दबोच लिया गया। पूछताछ में उन्होंने दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से शादी का झांसा देकर ठगी करना कबूल किया।
यह भी पढ़ें- परीक्षा हॉल में थमीं सांसें : मुरैना में 10वीं की छात्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
यह माल बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो, लगभग 1 लाख रुपये की अपाचे मोटरसाइकिल, 50 हजार रुपये का लेनोवो टैबलेट, 10 मोबाइल फोन (8 स्मार्टफोन और 2 सामान्य), साड़ी, चूड़ी, बिंदी, लिपिस्टिक, लेडीज बैग समेत अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह लंबे समय से भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर फंसाता था। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित वारदातों की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं।
