ओरछा में CNG सिलिंडर फटने से एक ही परिवार के 12 सदस्य घायल, तीन की हालत नाजुक
निवाड़ी जिले के ओरछा में एक घर में सीएनजी सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में एक ही ...और पढ़ें

घटनास्थल का मुआयना करती पुलिस।
HighLights
ओरछा के स्टेशन मोहल्ले में सीएनजी सिलिंडर में धमाका हुआ।
कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद के मकान में हुआ हादसा।
गैस रिसाव को विस्फोट का प्रारंभिक कारण माना जा रहा है।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर एक घर में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर-1 के स्टेशन मोहल्ले में कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद के मकान में सीएनजी सिलिंडर अचानक फट गया। हादसे में एक ही परिवार के 12 सदस्य झुलस गए। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
गैस रिसाव के बाद लगी आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में रखे सीएनजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान गैस में आग लग गई और देखते ही देखते सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घर में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव को विस्फोट की वजह माना जा रहा है।
खबर अपडेट की जा रही है...