MP में लाड़ली बहनों के खाते में पहुंचे 1500 रुपये, CM मोहन ने शिवपुरी में जारी की योजना की 42वीं किस्त
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी के पिछोर से लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी की। 1.24 करोड़ से ...और पढ़ें

शिवपुरी के कार्यक्रम में सीएम मोहन ने सिंगल क्लिक के जरिए लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित की राशि।
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। मध्य प्रदेश की 1.24 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में शुक्रवार को योजना की नई किस्त पहुंच गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के जरिए 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार पात्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस दौरान कुल 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से पिछोर पहुंचे। यहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने योजना की राशि जारी की। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने मौजूद लाड़ली बहनों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 10 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे थे।
सिंधिया सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद भरत सिंह कुशवाह और विधायक प्रीतम लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर खासा उत्साह देखने को मिला। लाड़ली बहनों ने भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भागीदारी की।
किसान कल्याण वर्ष में पशुपालन और कृषि पर जोर
लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के बाद मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में शामिल होंगे। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आधुनिक कृषि पद्धतियों और उन्नत पशुपालन को प्रोत्साहित करना है।
सम्मेलन में कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजन भी रखे गए हैं। इसके अलावा उन्नत पशुपालन पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई गई है, जहां उत्कृष्ट नस्लों के गोवंश और भैंसवंशी पशुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्मेलन को संबोधित कर किसानों और पशुपालकों को कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और प्रयासों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम को महाराजपुरा विमानतल पहुंचेंगे और वहां से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।