दूसरी शादी से जन्मा बच्चा और विवाहित बेटी भी अनुकंपा नियुक्ति के हकदार, MP हाई कोर्ट का अहम फैसला
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने अनुकंपा नियुक्ति पर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि दूसरी शादी से जन्मे बच्चे और विवाहित बेटी को केवल विवाह की वैधता या शादी के आधार पर नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता।

ग्वालियर हाई कोर्ट भवन। (फाइल फोटो)
HighLights
दूसरी शादी से जन्मे बच्चे को अनुकंपा नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता।
विवाहित बेटी को भी शादी के आधार पर अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता।
अनुकंपा नियुक्ति में बैंक को दोनों दावों पर आठ सप्ताह में निर्णय लेने का निर्देश।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। अनुकंपा नियुक्ति को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी की दूसरी शादी से जन्मे बच्चे को केवल माता-पिता के विवाह की वैधता के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए विचार से बाहर नहीं किया जा सकता। इसी तरह, विवाहित बेटी को भी सिर्फ शादी हो जाने के आधार पर नियुक्ति के लिए अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता।
कोर्ट ने संबंधित बैंक को मृत कर्मचारी के बेटे और बेटी, दोनों के दावों पर नए सिरे से विचार करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आश्रितों की स्थिति, परिवार की आर्थिक परिस्थितियों और अनुकंपा नियुक्ति योजना के नियमों के आधार पर आठ सप्ताह के भीतर कारण सहित निर्णय लेने को कहा गया है।
दूसरी शादी से जन्मे बेटे का दावा बैंक ने किया था खारिज
मामले में मृत कर्मचारी की दूसरी शादी से जन्मे बेटे अभय शिवहरे ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। बैंक ने 21 मई 2018 को उसका दावा खारिज कर दिया। बैंक का तर्क था कि उसके माता-पिता का विवाह कथित तौर पर वैध नहीं था।
वहीं, कर्मचारी की पहली शादी से जन्मी बेटी नेहा शिवहरे ने भी अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। हालांकि, नेहा की शादी 6 दिसंबर 2021 को हो चुकी है। इस कारण उसके दावे को लेकर भी पात्रता का प्रश्न सामने आया।
जन्म की परिस्थितियों के आधार पर भेदभाव नहीं कर सकते
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस आनंद सिंह बहारावत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 16 का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि इस प्रावधान के तहत निर्धारित परिस्थितियों में शून्य विवाह से जन्मे बच्चों को भी वैध माना गया है।
ऐसे बच्चों को माता-पिता के विवाह की स्थिति के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति के दायरे से बाहर करना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के तहत समानता के अधिकार के विपरीत होगा। बच्चों का अपने माता-पिता के विवाह या उसके स्वरूप में कोई नियंत्रण नहीं होता, इसलिए जन्म की परिस्थितियों को आधार बनाकर उनके साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने विवाहित बेटी के मामले में भी कहा कि यदि अनुकंपा नियुक्ति की संबंधित योजना में शादीशुदा बेटी को अयोग्य घोषित करने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, तो सिर्फ विवाह के आधार पर उसका आवेदन निरस्त करना उचित नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- 'किसकी औकात है मुझे टिकट देने की, चुनाव लड़ना है या नहीं खुद तय करती हूं'; ग्वालियर में उमा भारती का बड़ा बयान
दोनों दावों की जांच कर फैसला करने के निर्देश
हाई कोर्ट ने साफ किया कि अनुकंपा नियुक्ति किसी व्यक्ति का स्वतः मिलने वाला अधिकार नहीं है। आवेदक को संबंधित योजना की पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा और नियुक्ति का उद्देश्य मृत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक संकट से राहत देना है।
बैंक को निर्देश दिया गया है कि वह दोनों आवेदकों की मृत कर्मचारी पर निर्भरता, परिवार की आर्थिक स्थिति और योजना के अन्य मानकों की जांच कर आठ सप्ताह में फैसला करे। यदि दोनों पात्र पाए जाते हैं, तो उनके दावों और परिस्थितियों का तुलनात्मक आकलन कर किसी एक को नियुक्ति दी जा सकती है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि नियुक्ति पाने वाले आश्रित पर दूसरे पात्र आश्रित को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की शर्त लगाई जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।