मुरैना की गढ़ी हवेली में जमीन से निकले तोप के 30 गोले, पतली नाल वाली तोप भी मिली; पुरातत्व विभाग करेगा जांच
मुरैना के पहाड़गढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली में खोदाई के दौरान 20-30 तोप के गोले और एक पतली नाल वाली तोप मिली है। पुलिस ने इन ऐतिहासिक वस्तुओं को जब्त कर लिया है और अब पुरातत्व विभाग इनकी जांच कर इनके काल और महत्व का पता लगाएगा।

हवेली में मिली पतली नाल वाली तोप व गोले।
HighLights
मुरैना की गढ़ी हवेली में खुदाई के दौरान ऐतिहासिक सामान मिला।
करीब 20-30 तोप के गोले और एक पतली नाल वाली तोप मिली।
पुलिस ने जब्त कर पुरातत्व विभाग को जांच के लिए सौंपा।
डिजिटल डेस्क, मुरैना। जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र के पनिहारी गांव में एक पुरानी गढ़ी हवेली में बुलडोजर से खुदाई के दौरान जमीन में दबा ऐतिहासिक सामान मिलने से कौतूहल बढ़ गया। निर्माण कार्य के लिए कराई जा रही खोदाई में छोटी तोप के करीब 20 से 30 गोले, धातु की एक पतली नाल वाली तोप और अन्य धातु के सामान मिले हैं। सूचना मिलने पर पहाड़गढ़ पुलिस ने सभी वस्तुओं को जब्त कर थाने में रखवा दिया है। अब पुरातत्व विभाग इनकी जांच करेगा, जिसके बाद इनके काल और ऐतिहासिक महत्व का पता चल सकेगा।
बुलडोजर से खोदाई के दौरान मिला सामान
जानकारी के मुताबिक पनिहारी गांव की गढ़ी हवेली में आनंद सिंह सिकरवार और बलवीर सिंह सिकरवार नए निर्माण के लिए बुलडोजर से खोदाई करा रहे थे। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर दबा धातु का सामान दिखाई दिया। इसकी सूचना हवेली के लोगों को दी गई। मौके पर जाकर देखने पर छोटी तोप के गोले और तोप की नाल सहित अन्य वस्तुएं मिलीं।
पुलिस ने जब्त कर थाने में रखवाया
हवेली में मिले सामान की जानकारी पहाड़गढ़ पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सोनपाल तोमर के मुताबिक, खोदाई में करीब 25 से 30 तोप के गोले मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके से मिली पतली नाल वाली तोप, छोटे गोले और धातु की कसने वाली कड़ियों समेत सभी सामान जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में रिश्तों को झुलसाने वाली वारदात, छोटे भाई की कार जलाकर गायब हुआ बड़ा भाई; वारदात CCTV में कैद
पुरातत्व विभाग की जांच से खुलेगा इतिहास
जमीन से निकली इन वस्तुओं की पुरातत्व विभाग परीक्षण करेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये सामान किस दौर के हैं और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता था। जांच के बाद ही इनके ऐतिहासिक महत्व और कालखंड को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।