विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में रिश्तों को झुलसाने वाली वारदात, छोटे भाई की कार जलाकर गायब हुआ बड़ा भाई; वारदात CCTV में कैद

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:12 PM (IST)

ग्वालियर में एक बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई की तरक्की से ईर्ष्या के चलते उसकी कार में आग लगा दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके बाद आरोपी भाई फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

-एआई से निर्मित तस्वीर।

-एआई से निर्मित तस्वीर।

HighLights

  1. बड़े भाई ने छोटे भाई की कार में आग लगाई।

  2. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हुई।

  3. आरोपी भाई वारदात के बाद से ही फरार है।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भाई-भाई के रिश्ते में तनाव इस कदर बढ़ा कि एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की कार को आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह है कि कार जलाने के बाद आरोपी ने खुद फोन कर भाई को आग लगने की सूचना दी। झांसी रोड थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी पेट्रोल निकालकर कार में आग लगाते नजर आ रहा है। वारदात के बाद से वह फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है।

नाका चंद्रवदनी स्थित नहर वाली माता रोड निवासी अशोक कुशवाह ट्रांसपोर्ट नगर में लेथ मशीन का कारोबार करते हैं। वह अपनी ब्रेजा कार घर के पास खड़ी करते थे। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे उनके भाई प्रेम कुशवाह ने फोन कर कार में आग लगने की जानकारी दी।

अशोक घर से बाहर पहुंचे तो कार धू-धू कर जल रही थी। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार की सीट और अंदर का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। कार का शीशा भी टूटा हुआ मिला।

बाइक से पेट्रोल निकाला, शीशा तोड़ कार में लगाई आग

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की तो आगजनी की पूरी घटना सामने आ गई। फुटेज में प्रेम कुशवाह पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालता दिखाई देता है। इसके बाद वह कार का कांच तोड़कर अंदर पेट्रोल डालता है और आग लगा देता है। घटना के बाद आरोपी मौके से चला जाता है।

परिजनों के अनुसार, प्रेम छोटे भाई की तरक्की से ईर्ष्या करता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आग लगाने के पीछे इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चोरी, ग्वालियर में मोबाइल दुकान से iPhone चुराकर भागा युवक; भीड़ ने पकड़कर पीटा

वारदात के बाद आरोपी गायब

कार में आग लगाने के बाद से प्रेम कुशवाह घर से गायब है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हैं। झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि पीड़ित ने अपने भाई पर कार में आग लगाने का आरोप लगाया है। CCTV फुटेज सहित पूरे मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।