विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, धार्मिक यात्रा पर निकले भिंड के परिवार के 4 लोगों की मौत; 5 गंभीर घायल

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:07 PM (IST)

मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिंड के एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। यह परिवार वृंदावन और बरसाना में दर्शन के बाद रमणरेती जा रहा था, तभी उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

हादसे में कार के उड़े परखच्चे।

हादसे में कार के उड़े परखच्चे।

HighLights

  1. मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ।

  2. भिंड के परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।

  3. धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार की कार ट्रक से टकराई।

डिजिटल डेस्क, भिंड। वृंदावन और बरसाना में दर्शन करने निकले भिंड के एक परिवार की धार्मिक यात्रा सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। मथुरा में छटीकरा पुल के पास दिल्ली-आगरा हाईवे पर स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

हादसे में दो मासूम बच्चों और दो महिलाओं की जान चली गई। मृतकों की पहचान चार वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। घायलों में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी शामिल हैं। सभी भिंड जिले के दबोहा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

दर्शन के बाद रमणरेती जा रहा था परिवार

परिवार के नौ सदस्य स्विफ्ट कार में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वृंदावन और बरसाना में दर्शन करने के बाद सभी रमणरेती जाने के लिए रवाना हुए थे। सोमवार सुबह छटीकरा पुल के पास उनकी कार ग्वालियर से डस्ट लेकर जा रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

कार में फंसे लोगों को मशक्कत के बाद निकाला

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चोरी, ग्वालियर में मोबाइल दुकान से iPhone चुराकर भागा युवक; भीड़ ने पकड़कर पीटा

हाईवे पर यातायात भी प्रभावित

हादसे के बाद दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।