कूनो से निकलकर राजस्थान पहुंचे दो चीते, एक ही जंगल में बाघ-तेंदुए भी; वन विभाग अलर्ट
कूनो नेशनल पार्क के दो नर चीते राजस्थान के करौली जिले की करणपुर रेंज में पहुंच गए हैं। इस जंगल ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
कूनो के दो चीते राजस्थान की करणपुर रेंज में पहुंचे।
जंगल में बाघ-तेंदुए भी, वन विभाग की चुनौतियां बढ़ीं।
वन विभाग चीतों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से निकले चीतों ने अब राजस्थान के जंगलों में अपना नया ठिकाना तलाश लिया है। कूनो के दो नर चीते केजीपी-3 और केओएमजी-4 राजस्थान के करौली जिले की करणपुर रेंज में पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि इस जंगल में पहले से बाघ और तेंदुओं की मौजूदगी है। ऐसे में एक ही क्षेत्र में तीन बड़े शिकारी वन्यजीवों की मौजूदगी ने वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बढ़ा दी हैं।
चंबल नदी पार कर करणपुर रेंज पहुंचा दूसरा चीता
वन विभाग के अनुसार, केजीपी-3 पहले मंडरायल से आगे बढ़ते हुए करणपुर रेंज पहुंचा था। वहीं दूसरा नर चीता केओएमजी-4 ने 10 नवंबर को गोटा घाट के रास्ते चंबल नदी पार की। इसके बाद महाराजपुर नाका होते हुए उसने करणपुर रेंज में प्रवेश किया।
इस तरह राजस्थान की एक ही वन रेंज में पहली बार कूनो के दो नर चीते एक साथ विचरण करते नजर आ रहे हैं। दोनों चीतों की गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
बाघ और तेंदुओं की मौजूदगी से बढ़ी चुनौती
करणपुर रेंज में बाघ और तेंदुओं का भी प्राकृतिक विचरण क्षेत्र है। ऐसे में चीतों के यहां पहुंचने से वन्यजीवों के बीच क्षेत्र और शिकार को लेकर प्रतिस्पर्धा की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दोनों चीतों का आपस में कितना संपर्क है और वे एक ही क्षेत्र में साथ रह रहे हैं या अलग-अलग विचरण कर रहे हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें- चीतों की सुरक्षा के लिए बदलेगा निगरानी का तरीका, अब गांवों के युवा भी बनेंगे तकनीकी चीता ट्रैकर; वनकर्मी रहेंगे तैनात
वन विभाग उनकी आवाजाही, ठहराव और गतिविधियों पर नजर रख रहा है, ताकि किसी तरह के संभावित टकराव की स्थिति का आकलन किया जा सके। कूनो के डीएफओ आर. थिरुकुराल के अनुसार, वर्तमान में राजस्थान में कूनो के दो चीते मौजूद हैं। दोनों के मूवमेंट पर निगरानी रखी जा रही है।