विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीतों की सुरक्षा के लिए बदलेगा निगरानी का तरीका, अब गांवों के युवा भी बनेंगे तकनीकी चीता ट्रैकर; वनकर्मी रहेंगे तैनात

By Varun SharmaEdited By: Ravindra Soni
Published: Wed, 11 Nov 2026 05:44 PM (IST)

वन विभाग कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलने वाले चीतों की सुरक्षा और निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू कर ...और पढ़ें

कूनो अभयारण्य में चीते। (फाइल फोटो)

कूनो अभयारण्य में चीते। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चीतों की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी।

  2. स्थानीय गांवों के युवाओं को चीता निगरानी दल में शामिल किया जाएगा।

  3. वन विभाग के कर्मचारी गांवों में रहकर चीतों की गतिविधियों पर नजर।

वरुण शर्मा, ग्वालियर। श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलने वाले चीतों और उनके शावकों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। अब चीतों की ट्रैकिंग केवल कूनो के कर्मचारियों और गले में लगे सैटेलाइट कॉलर आईडी के भरोसे नहीं रहेगी। इसमें सामान्य वनमंडल के मैदानी अमले के साथ आसपास के गांवों के युवाओं को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए वनकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने और गांवों में स्थायी निगरानी दल तैनात करने की योजना बनाई गई है।

नई व्यवस्था के तहत जंगल और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में वन विभाग के दो कर्मचारी गांव में ही रहकर चीतों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। उनकी जिम्मेदारी ग्रामीणों को जागरूक करना भी होगी, ताकि चीतों की मौजूदगी के दौरान कोई उन्हें नुकसान न पहुंचाए और किसी तरह का टकराव न हो।

हर गांव से एक युवा बनेगा चीता निगरानी टीम का हिस्सा

वन विभाग गांवों के युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने जा रहा है। प्रत्येक गांव से एक युवक का चयन कर उसे तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसे चीतों की गर्दन में लगे कॉलर आईडी की रेडियो फ्रीक्वेंसी समझने और उसके आधार पर उनकी गतिविधियों का पता लगाने की जानकारी दी जाएगी।

ग्वालियर वनमंडल के अधिकारी दीपांशु शर्मा के मुताबिक, श्योपुर के आसपास स्थित ग्वालियर-चंबल संभाग के विभिन्न जिलों से 15 वन कर्मचारियों को निगरानी का विशेष प्रशिक्षण देने के लिए कूनो भेजा जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद इन कर्मचारियों की मदद से पार्क के बाहर भी चीतों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

ताजा घटनाक्रमों के बाद तैयारी

चीतों की सुरक्षा को लेकर यह कदम हाल की घटनाओं के बाद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले दिनों मुरैना वनमंडल में एक चीते का शिकार हुआ था। वहीं, राजस्थान के करौली में रेस्क्यू के लिए पहुंची टीम को स्थानीय लोगों के विरोध और हमले का सामना करना पड़ा था। इसके बाद मुरैना और गुना क्षेत्र से चीतों को ट्रैंक्विलाइज कर वापस कूनो लाना पड़ा था।

इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि कूनो से बाहर निकलने वाले चीतों की सुरक्षा के लिए केवल पार्क के भीतर की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। आसपास के वन क्षेत्रों और गांवों में भी प्रशिक्षित निगरानी तंत्र की जरूरत है।

कूनो के 52 चीतों में से 15 खुले जंगल में

वर्तमान में कूनो में 52 चीते मौजूद हैं, जिनमें से 15 खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं। भविष्य में और चीतों को भी खुले जंगल में छोड़े जाने की योजना है। ऐसे में चीतों का दायरा बढ़ने के साथ उनकी निगरानी की चुनौती भी बढ़ेगी। सामान्य वनमंडल के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य इसी चुनौती से निपटना है, ताकि चीते पार्क की सीमा से बाहर जाएं तो भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

यह भी पढ़ें- कूनो से निकलकर राजस्थान पहुंचे चीते ने किया मवेशी का शिकार, ग्रामीणों ने ट्रैकिंग टीम को बंधक बनाकर पीटा

छह घंटे में मिलती लोकेशन, सिग्नल टूटने पर 18 घंटे इंतजार

चीतों की निगरानी में लगी सैटेलाइट कॉलर आईडी की भी कुछ सीमाएं हैं। कूनो प्रबंधन के अनुसार, कॉलर सामान्य परिस्थितियों में करीब छह घंटे के अंतराल पर लोकेशन भेजता है। हालांकि, घने जंगल, पहाड़ी इलाके और गहरी घाटियों के कारण सिग्नल बाधित होने पर लोकेशन मिलने में 12 से 18 घंटे तक का अंतर आ सकता है।

इस दौरान चीते 10 से 12 किलोमीटर तक की दूरी तय कर लेते हैं। ऐसे में ट्रैकिंग टीम के लिए उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगाना और समय पर मौके तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यही वजह है कि वन विभाग अब तकनीकी ट्रैकिंग के साथ स्थानीय स्तर पर मानवीय निगरानी का नेटवर्क तैयार कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।