विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में तलाक के बाद भी साथ रह रहे थे पति-पत्नी, महिला ने पूर्व पति पर लगाया दुष्कर्म का आरोप; FIR दर्ज

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:34 PM (IST)

ग्वालियर में तलाकशुदा महिला ने अपने पूर्व पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. तलाक के बाद भी एक ही घर में रह रहे थे।

  2. महिला ने पूर्व पति पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। तलाक के बाद भी एक ही मकान में रह रही महिला ने अपने पूर्व पति पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर ग्वालियर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला के मुताबिक, उसका विवाह 26 अप्रैल 2025 को हुआ था। हालांकि, दोनों का वैवाहिक रिश्ता एक साल भी नहीं चल सका। महिला का आरोप है कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध थे। इस बात को लेकर विवाद हुआ और समझाने के बावजूद जब स्थिति नहीं बदली तो दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया।

छिपाकर रखी तलाक की बात

तलाक के बावजूद दोनों ने अपने-अपने स्वजन को इसकी जानकारी नहीं दी थी। इसी कारण वे ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में स्थित एक ही मकान में रह रहे थे। महिला का आरोप है कि इसी दौरान विगत 19 अप्रैल को उसका पूर्व पति जबरन उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 17 बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाला छत्तीसगढ़ के बौद्ध मठ से गिरफ्तार; 20 हजार का था इनाम

मायके पहुंचकर स्वजन को बताई घटना

घटना के बाद महिला अपने मायके चली गई। वहां उसने हिम्मत जुटाकर स्वजन को पूरी बात बताई। महिला ने तलाक होने और पूर्व पति पर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

स्वजन के साथ थाने पहुंचकर महिला ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।