ग्वालियर में किशोरी ने लगाई फांसी, खाड़ी क्षेत्र में अशांति के कारण दुबई में फंसे थे पिता, 3 दिन बाद हो सका अंतिम संस्कार
ग्वालियर के थाटीपुर में 15 वर्षीय छात्रा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके पिता दुबई में फंसे ...और पढ़ें

किशोरी ने लगाई फांसी (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्रा के पिता दुबई में फंसे हुए थे और उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली तो वह छटपटा उठे। तीन दिन बाद वह किसी तरह वतन वापस लौटे, तब जाकर पोस्टमार्टम के बाद बेटी का अंतिम संस्कार हो पाया।
पुलिस के अनुसार, थाटीपुर के सिद्धेश्वर नगर में रहने वाली एंजेल (15) 10वीं कक्षा की छात्रा थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में हुए गणित के पेपर के बिगड़ जाने से वह काफी तनाव में थी। 3 मार्च की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान छात्रा ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता दुर्गा प्रसाद पिछले करीब दस वर्षों से दुबई की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते वे वहीं फंसे हुए थे। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद उन्होंने तुरंत भारत लौटने की कोशिश की और तीन दिन बाद ग्वालियर पहुंच पाए। उनके आने के बाद गुरुवार को छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर अंतिम संस्कार किया गया।
थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं और घर से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- ट्रक व कार की आमने-सामने टक्कर, दो मासूम समेत तीन की मौत, चार घायल; होली पर नोएडा से भिंड लौट रहा था परिवार
इकलौती बेटी की मौत से टूट गया परिवार
एंजेल अपनी मां और भाई के साथ ग्वालियर में रहती थी, जबकि पिता दुबई में नौकरी करते थे। परिवार के मुताबिक, पिता-पुत्री के बीच गहरा लगाव था। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर वह पिता की चिंता भी कर रही थी और वीडियो कॉल पर उनसे जल्द घर आने की बात कही थी। इकलौती बेटी की अचानक मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं।
