ट्रक व कार की आमने-सामने टक्कर, दो मासूम समेत तीन की मौत, चार घायल; होली पर नोएडा से भिंड लौट रहा था परिवार
नोएडा से होली मनाने भिंड लौट रहा एक परिवार आगरा में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना ...और पढ़ें

सड़क हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। होली की खुशियां मनाने नोएडा से भिंड जिले के गोहद स्थित पैतृक निवास लौट रहा एक परिवार आगरा में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए, जिसमें दो बच्चों सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, कीरतपुरा (थाना गोहद) निवासी 32 वर्षीय रामकुमार जाटव नोएडा के सेक्टर-93 में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार रात वह परिजनों के साथ कार से होली मनाने अपने गृहनगर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर बाह की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से उनकी स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को वाहन काटना पड़ा। अस्पताल में चिकित्सकों ने रामकुमार जाटव, उनके चार वर्षीय बेटे मनदीप और छह वर्षीय तनु को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- MP: पूर्व सीएम उमा भारती की बहू को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, बोला- 'नशे में हो गई गलती'
हादसे में 40 वर्षीय भूरे जाटव, उनकी पत्नी चंद्रिका (35), बेटी अनन्या (8) और रेखा (पत्नी रामकुमार) घायल हैं। गंभीर रूप से घायल भूरे जाटव को ग्वालियर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
आर्थिक संकट ने बढ़ाई पीड़ा
मृतक के भाई राजकुमार जाटव ने न्यू आगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घायलों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां अब तक लगभग 97 हजार रुपये का बिल बन चुका है। परिजन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में आर्थिक संकट ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा बिल जमा करने के बाद ही डिस्चार्ज की प्रक्रिया किए जाने की बात सामने आई है।
