ग्वालियर में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस के ड्राइवर पर फायरिंग, कार हटाने पर हुआ था विवाद
ग्वालियर के डबरा में स्कूल बस चालक खेम सिंह को कार हटाने के विवाद में गोली मार दी गई, जिसमें 50 से अधिक छात्र बस में सवार थे।

(एआई द्वारा बनाई गई तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार सुबह डबरा में स्कूल जा रही एक बस के चालक पर अज्ञात बदमाशों ने देसी कट्टे से गोली चला दी। घटना के समय बस में 50 से अधिक छात्र सवार थे। पुलिस ने साफ किया है कि हमलावरों ने बस को निशाना नहीं बनाया था, बल्कि ड्राइवर के बस से नीचे उतरने के बाद उस पर फायर किया।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि घटना सुबह पिछोर थाना क्षेत्र के समुदान गांव के पास हुई। स्कूल बस चालक खेम सिंह बच्चों को लेकर डबरा की ओर जा रहा था। रास्ते में एक कार सड़क के बीच खड़ी देखकर खेम सिंह ने बस रोकी और अपने हेल्पर को कार सवारों से गाड़ी हटाने को कहा।
कार में मौजूद लोगों ने बताया कि उनका सीएनजी खत्म हो गया है। इसके बाद खेम सिंह खुद बस से नीचे उतरा और कार को थोड़ा किनारे धक्का देने का सुझाव दिया ताकि बच्चे समय पर स्कूल पहुंच सकें। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और कार सवार युवकों ने देसी कट्टे से उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
गोली चलने से ड्राइवर खेम सिंह के चेहरे पर छर्रे लगे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। खेम सिंह ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे और वह हमलावरों को नहीं पहचानता है।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला किसी पुरानी निजी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
