ग्वालियर में 100 रुपये के विवाद में शराब दुकान के सेल्समैन को मारी गोली, तीन बदमाश गिरफ्तार
ग्वालियर के गोला का मंदिर चौराहे पर एक शराब दुकान पर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 100 रुपये ...और पढ़ें

सेल्समैन को मारी गोली (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर चौराहा स्थित कंपोजिट शराब दुकान पर गुरुवार रात मामूली से विवाद ने सनसनीखेज रूप ले लिया। बाइक से पहुंचे चार बदमाशों ने महज 100 रुपये की छूट न मिलने पर दुकान में काम करने वाले सेल्समैन को गोली मार दी। बदमाशों ने एक के बाद एक चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली सेल्समैन के कंधे में जा लगी।
घायल सेल्समैन की पहचान हजीरा क्षेत्र के चार शहर का नाका निवासी प्रशांत शिवहरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे चार युवक दुकान पर पहुंचे और 1200 रुपये की शराब की बोतल 1100 रुपये में देने की मांग करने लगे। सेल्समैन ने नियमों का हवाला देते हुए मना कर दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
दुकान बंद करते समय की वारदात
करीब दो घंटे बाद, रात 11:30 बजे आरोपी दोबारा दुकान पर पहुंचे। उस समय प्रशांत दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। एक गोली कंधे में लगते ही प्रशांत गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। साथी कर्मचारियों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सीसीटीवी से खुला राज, तीन आरोपी दबोचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह ने टीआई गोला का मंदिर धर्मेंद्र यादव और उनकी टीम को जांच सौंपी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में लवकुश पाठक निवासी गायत्री विहार कॉलोनी, राज कुशवाह निवासी पिंटो पार्क जड़ेरुआ और राकेश कुशवाह निवासी जड़ेरुआ बांध के पास, गोला का मंदिर शामिल हैं। इनका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- भिंड: दूल्हे के पिता ने लौटाया 51 लाख रुपये का दहेज, शगुन में 1 रुपया स्वीकार कर बोले- धन नहीं, बेटी चाहिए
फोन पर भी कराया था सौदे का प्रयास
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 100 रुपये की छूट के लिए एक अन्य शराब ठेकेदार से फोन पर सेल्समैन की बात भी कराई थी। इस पर सेल्समैन ने कहा था कि यहां किसी का फोन नहीं चलता। इसी बात से आरोपी भड़क गए। पहले शराब पी और फिर दो घंटे बाद लौटकर जानलेवा हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
