विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर के बैंक खाते में एक दिन में आए एक करोड़ रुपये, उसी दिन निकाले भी; 34 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला खाता

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:55 PM (IST)

ग्वालियर में एक बैंक खाते में एक दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक जमा होकर निकल गए, जो 34 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा पाया गया। क्राइम ब्रांच ने खाताधारक विशाल कन्नौजिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और 177 संदिग्ध म्यूल खातों की पहचान की है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. ग्वालियर में साइबर ठगी की राशि खपाने का बड़ा मामला।

  2. पुलिस ने खाताधारक विशाल कन्नौजिया पर एफआईआर की।

  3. ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में 177 म्यूल खाते चिह्नित किए गए।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते के उपयोग का बड़ा मामला ग्वालियर में सामने आया है। यहां के सिटी सेंटर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा के एक खाते में एक ही दिन में एक करोड़ से अधिक रुपये जमा हुए। पूरी रकम उसी दिन निकाल भी ली गई। क्राइम ब्रांच के ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के अंतर्गत की गई जांच में पता चला कि इस खाते के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की 34 शिकायतें 1930 पोर्टल पर दर्ज हैं।

खाताधारक के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस ने खाताधारक विशाल कन्नौजिया के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि खाते का इस्तेमाल किस साइबर गिरोह ने किया और इसके पीछे खाताधारक की क्या भूमिका थी।

ग्वालियर में 177 संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित

बता दें कि ग्वालियर में साइबर ठगी की धनराशि का लेनदेन करने वाले म्यूल बैंक खातों का नेटवर्क बड़े स्तर पर सक्रिय है। इसकी पुष्टि इस बात से होती है कि क्राइम ब्रांच ने आपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के अंतर्गत जिले में 177 संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित किए हैं। इनसे 300 से अधिक लोगों के खातों में धनराशि भेजे जाने की बात सामने आई।

एक ही दिन में एक करोड़ जमा और निकासी भी

शहर के कंपू निवासी विशाल कन्नौजिया के नाम पर संचालित खाते के बैंक स्टेटमेंट के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को इसमें एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई और उसी दिन निकाल भी ली गई। बुधवार को विश्वविद्यालय थाने में एफआईआर दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें- दूसरी शादी से जन्मा बच्चा और विवाहित बेटी भी अनुकंपा नियुक्ति के हकदार, MP हाई कोर्ट का अहम फैसला

मप्र में 4086 खातों की जांच

ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के अंतर्गत मध्य प्रदेश में 4086 संदिग्ध प्रथम स्तर के म्यूल खातों की जांच की जा रही है। अभियान 28 नवंबर तक चलना है। पहले चरण में 3330 खातों की जांच के दौरान 12 जिलों में 26 एफआईआर दर्ज की गईं और 46 संदिग्ध गिरफ्तार हुए।

अब दूसरे चरण में खाताधारकों के दस्तावेज, मोबाइल नंबर और बैंक लेनदेन के जरिए ठगी की रकम के अंतिम लाभार्थियों तक पहुंचकर म्यूल खाते के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की पुलिस की कोशिश है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।